बरेली: एमएलसी चुनाव के लिए 16 दावेदारों ने कराया नामांकन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिये गुरुवार को नामांकन के अंतिम दिन सिर्फ दो दावेदारों ने नामांकन कराया। 5 नवंबर से कमिश्नरी में आयुक्त न्यायालय में नामांकन शुरू हुये थे। इन दिनों में 25 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। इनमें से भाजपा, कांग्रेस, सपा, आप, शिक्षक संगठन समेत 16 दावेदारों …

बरेली,अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिये गुरुवार को नामांकन के अंतिम दिन सिर्फ दो दावेदारों ने नामांकन कराया। 5 नवंबर से कमिश्नरी में आयुक्त न्यायालय में नामांकन शुरू हुये थे। इन दिनों में 25 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। इनमें से भाजपा, कांग्रेस, सपा, आप, शिक्षक संगठन समेत 16 दावेदारों ने निर्दलीय पर्चे दाखिल किये हैं। अधिकांश दावेदारों ने दो पर्चे भरे हैं। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, 27 नामांकन दाखिल किये गये लेकिन दावेदार 16 ही हैं।

इधर, एमएलसी चुनाव में पर्यवेक्षक बनाये गये 2003 बैच के आईएएस सत्येंद्र कुमार गुरुवार शाम बरेली पहुंचे। सर्किट हाउस में कुछ देर रुकने के बाद पर्यवेक्षक मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। सूत्र बताते हैं कि मंडलायुक्त आवास पर पर्यवेक्षक ने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक की।

निर्वाचन ड्यूटी में तैनात एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी। पर्यवेक्षक सत्येंद्र कुमार की मौजूदगी में जांच होगी। इसलिये नामांकन के अंतिम दिन पर्यवेक्षक बरेली पहुंच गये। स्क्रूटनी वाले दिन भी कमिश्नरी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। गुरुवार को नामांकन के अंतिम दिन भी चौकी चौराहे के पास एक काम्प्लेक्स से कमिश्नरी गेट तक यातायात बंद रखा गया।

इन्होंने कराया है नामांकन
डा. महताब अली निवासी अमरोहा, पुष्पेंद्र कुमार निवासी अमरोहा, श्रद्धा खंडेलवाल निवासी बरेली, मेहंदी हसन निवासी बरेली, विनय खंडेलवाल निवासी बरेली, सुभाष चंद्र शर्मा निवासी अमरोहा, बाल कृष्ण निवासी पीलीभीत, आशुतोष शर्मा निवासी बरेली, पीयूष सिंह राठौर निवासी रामपुर, रामबाबू शास्त्री निवासी रामपुर, डा. हरेंद्र सिंह ढिल्लों निवासी अमरोहा, डा. राजेंद्र कुमार गंगवार निवासी बरेली, अभिषेक द्विवेदी निवासी बरेली, संजय कुमार मिश्रा गुरुजी निवासी शाहजहांपुर, रेनू मिश्रा निवासी शाहजहांपुर, सुनीत गिरी निवासी मुरादाबाद।

37043 मतदाता करेंगे एमएलसी शिक्षक का चयन
एमएलसी चुनाव के मद्देनजर जनपद में 23 मतदेय स्थल बनाए गये हैं। नौ जिलों में 88 मतदेय स्थल हैं। इस चुनाव में 37043 मतदाता वोट करके अपना एमएलसी शिक्षक चुनेंगे। 1 दिसंबर को सुबह 8 से सायं 5 बजे तक मतदान होगा। 3 दिसम्बर को मतगणना संजय कम्युनिटी हाल में की जाएगी। वहीं, कमिश्नरी में स्ट्रांग रूम बनाया जा रहा है। मतपेटिका स्ट्रांग रूम में रखी जाएंगी। पहले नरियावल मंडी में स्ट्रांग रूम बनाया जाता था।

संबंधित समाचार