बदायूं: जानिए ऐसा क्या हुआ कि खुद को सपा नेता बताने वाले के खिलाफ बीडीओ को करनी पड़ी शिकायत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सपा नेता पर बदसलूकी व देख लेने की धमकी देने के ब्लॉक कर्मचारियों ने लगाए हैं आरोप

बदायूं, अमृत विचार। अपने आप को समाजवादी पार्टी का नेता बताने वाला एक शख्स ब्लॉक कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करता है। विरोध करने पर देख लेने तक धमकी उसके द्वारा कर्मचारियों को दे दी गई है। तथाकथित सपा नेता ने कर्मचारियों का यहां तक उत्पीड़न करना शुरू कर दिया कि ब्लॉक के एक अधिकारी से मिलकर झूठी शिकायतें तक करने लगा। जिससे आजिज आकर कर्मचारियों  ने सपा नेता की शिकायत बीडीओ से की थी। जिस पर बीडीओ ने तथाकथित सपा नेता के खिलाफ अलापुर थाने में तहरीर दी है।

ब्लॉक म्याऊं में खंड प्रेरक के पद पर कार्यरत साबिरा खातून, लेखा सहायक सरोज, लेखाकार राजीव सक्सेना, ऊर्दू अनुवादक मोहम्मद उस्मान आदि कर्मचारियों ने बीडीओ को सौंपे शिकायती पत्र में कहा था कि थाना अलापुर के गांव बसियानी निवासी एक शख्स अपने आप को सपा नेता बताता है। उसकी ब्लॉक के एक अधिकारी से अच्छी सांठगांठ है। जिसके सहारे उसका ब्लॉक कार्यालय में आना जाना रहता है। ब्लॉक पर आकर वह कर्मचारियों से उल्टे सीधे सवाल करता। साथ ही योजनाओं के संबंध में जानकारी मांगी जाती है। जिसका विरोध करने पर तथाकथित सपा नेता ने पहले तो उन्हें देख लेने की धमकी दी। अब  वह झूठी शिकायतें कर रहा है। जिससे ब्लॉक कर्मचारियों की छवि धूमिल होने के साथ ही योजनाओं का ठीक से क्रियान्वयन भी नहीं हो पा रहा है। कर्मचारियों की शिकायत को बीडीओ ने गंभीरता से लिया। सपा नेता के खिलाफ थाना अलापुर में कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। साथ ही डीएम और सीडीओ को भी पत्र के माध्यम से अवगत कराया है।

जानिए क्या बोले बीडीओ
बीडीओ म्याऊं मनीष सिंह वर्मा ने बताया कि अपने आप को सपा नेता बताने वाले व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी है। उसके द्वारा लगातार झूठी शिकायतें की जा रही हैं। साथ ही वह काम में बाधा डाल रहा है। कर्मचारियों ने उसके खिलाफ शिकायत की थी। उसके खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।

संबंधित समाचार