अमरोहा: जॉन एलिया के शहर में इन कवियों और शायरों की सजेगी महफिल

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

नगर पालिका के टाउनहॉल में 14 दिसंबर को होगा अखिल भारतीय मुशायरा एवं कवि सम्मेलन 

अमरोहा, अमृत विचार। विश्व प्रसिद्ध शायर जॉन एलिया के शहर अमरोहा में दैनिक अमृत विचार एवं नगर पालिका परिषद की ओर से 14 दिसंबर को राष्ट्रीय कवियों की महफिल सजेगी। इसमें कवि और शायर लोगों को अपनी रचनाएं सुनाकर गुदगुदाएंगे। साथ ही कामकाजी महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए तैयारी कर ली गई है। 

दैनिक अमृत विचार एवं नगर पालिका परिषद की ओर अखिल भारतीय मुशायरा एवं कवि सम्मेलन 14 दिसंबर को नगर पालिका के टाउनहॉल में आयोजित होगा। इस दिन दुनिया के जाने-माने उर्दू के शायर जॉन एलिया का जन्मदिन भी है। यह दिन इस कार्यक्रम को खास बनाएगा। जॉन एलिया का जन्म 14 दिसंबर 1931 को अमरोहा में ही हुआ था। वह सबसे ज्यादा पढ़े जाने वाले शायरों में शुमार हैं। इस मौके पर हो रहे मुशायरा एवं कवि सम्मेलन में शायर शबीना अदीब, मुमताज नसीम, मंजर भोपाली, अकील नोमानी, वसीम बरेलवी, विष्णु सक्सेना, डॉ. सर्वेश अस्थाना, मंसूर उस्मानी अपनी कविताओं और रचनाओं से लोगों का मनोरंजन करेंगे। इनको सुनने के लिए शहर के लोग बेताब हैं। मुशायरा एवं कवि सम्मेलन शहर के लोगों के लिए एकता का प्रतीक भी होगा। इस सम्मेलन की तैयारी नगर पालिका परिषद के ईओ डॉ.  ब्रजेश कुमार सिंह व पालिका अध्यक्ष शशि जैन की ओर की जा रही है। इस कार्यक्रम में महिलाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। इनके चयन के लिए प्रक्रिया जारी है। इस कार्यक्रम में लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है। इसमें शामिल होने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें - अमरोहा : महिलाओं के सम्मान के साथ सजेगी मुशायरे की महफिल, 8 कवि बांधेंगे समा

संबंधित समाचार