Mikhail Kavelashvili: पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी मिखाइल कावेलाशविली बने जॉर्जिया के राष्ट्रपति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

त्बिलिसी। पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी मिखाइल कावेलाशविली शनिवार को जॉर्जिया के राष्ट्रपति नियुक्त किये गए। सत्तारूढ़ दल जॉर्जियन ड्रीम पार्टी 26 अक्टूबर को देश में हुए चुनाव में सत्ता बरकरार रखने में सफल रही। विपक्षी दलों का आरोप है कि चुनाव में रूस की मदद से धांधली की गई थी। दक्षिण काकेशस क्षेत्र के देश जॉर्जिया के निवर्तमान राष्ट्रपति और पश्चिम के समर्थक दलों ने संसद सत्र का बहिष्कार किया है और फिर से चुनाव कराने की मांग की। 

कावेलाशविली (53) के राष्ट्रपति बनने पर विपक्षी दलों ने इसे देश के यूरोपीय संघ में शामिल होने की आकांक्षाओं पर आघात और रूस की जीत बताया है। जॉर्जियन ड्रीम पार्टी को 300 सीट वाले निर्वाचक मंडल में बहुमत हासिल है, जिसने 2017 में प्रत्यक्ष राष्ट्रपति चुनाव का स्थान लिया था। सत्तारूढ़ दल ने यूरोपीय संघ में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प जताया है लेकिन वह रूस के साथ संबंधों को भी ‘पुनर्स्थापित’ करना चाहता है। 

वर्ष 2008 में रूस का जॉर्जिया के साथ एक संक्षिप्त संघर्ष हुआ था जिसके परिणामस्वरूप रूस ने दो अलग हुए क्षेत्रों को स्वतंत्र के रूप में मान्यता दे दी, तथा साउथ ओसेशिया और अब्खाजिया में रूसी सैन्य उपस्थिति में वृद्धि कर दी। पश्चिम समर्थक सलोमी जुराबिचविली 2018 से राष्ट्रपति पद पर थीं। 

उन्होंने सोमवार को अपना छह साल का कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी पद पर बने रहने की बात कही है। सलोमी ने नए सिरे से चुनाव होने तक खुद को एकमात्र वैध नेता बताया है। पिछले महीने जॉर्जियन ड्रीम पार्टी द्वारा यूरोपीय संघ में शामिल होने के अपने देश के प्रयास के संबंध में वार्ता स्थगित करने के निर्णय से विपक्ष का आक्रोश और बढ़ गया तथा विरोध प्रदर्शन तेज हो गए।  

यह भी पढ़ें:-Parliament Session: लोकसभा में संविधान पर चर्चा, बोले राहुल गांधी- एकलव्य की तरह देश के युवाओं का अंगूठा काट रही है सरकार

संबंधित समाचार