शाहजहांपुर: लड़की की तलाश में तमिलनाडु पुलिस पहुंची तिलहर
बड़ी बहन से जानकारी के बाद रेवाड़ी हरियाणा रवाना
तिलहर, अमृत विचार। तमिलनाडु में आठ साल पूर्व गुमशुदगी के बाद पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद वहां से गायब हुई किशोरी की तलाश में तमिलनाडु पुलिस ने शुक्रवार को क्षेत्र में छापा मार कार्रवाई की। तलाशशुदा की बड़ी बहन ने उसकी शादी होने तथा हरियाणा के रेवाड़ी शहर में माता पिता के पास होने की बात बताई। इसके बाद टीम बताए गए स्थान को रवाना हो गई।
तमिलनाडु के जनपद तिरुवन्नामलई के थाना टंटराम बट्टू से आए एसएसआई पलानी , एसआई जय चित्रा तथा आरक्षी आर वर्धन राजन ने बताया कि वर्ष 2016 में एक व्यक्ति ने नाबालिग बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 20 दिन बाद बरामद हुई लड़की ने एक युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें आरोपी युवक जेल भेजा गया और मामला कोर्ट में चल रहा है। रिपोर्ट दर्ज कराने वाला परिवार तिलहर क्षेत्र के गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के एक गांव का है लेकिन उसके बाद से ही परिवार वहां से फरार हो गया। कोर्ट के आदेश पर उनकी टीम उक्त किशोरी की तलाश में शुक्रवार को आई। गांव में उक्त किशोरी की बड़ी बहन मिली, जिसने बताया कि उसकी वदायूं जनपद के दातागंज क्षेत्र से शादी हो गई है । उसका पति सूरत शहर में काम करता है। जबकि किशोरी के माता पिता हरियाणा के रेवाड़ी शहर में काम करते हैं। उनसे मिलने युवती गई हुई है। देर शाम तमिल पुलिस हरियाणा का पता लेकर वहां रवाना हो गई है।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: 32 साल से फरार चल रहा वारंटी, साधू के भेष में गिरफ्तार
