मुरादाबाद : प्रेम विवाह कर तीन साल में ही पत्नी का गला रेत कर मार डाला, सड़क किनारे फेंका शव
दोस्त की मदद से आरोपी ने सड़क किनारे फेंका शव, हत्या की रिपोर्ट, 24 घंटे बाद सोशल मीडिया के जरिए परिजनों ने की महिला की पहचान
मुरादाबाद, अमृत विचार। काशीपुर उत्तराखंड की रहने वाली एक युवती के साथ नागफनी थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक ने तीन साल पहले प्रेम विवाह किया। उसके बाद दोस्त के साथ मिलकर उसकी गला रेत कर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोस्त की मदद से भोजपुर थाना क्षेत्र में काशीपुर रोड स्थित जहांगीरपुर गांव के पास शव फेंक कर मौके से फरार हो गए। 24 घंटे बाद सोशल मीडिया के जरिए परिजनों ने मृतका की पहचान पहचान अंजली उर्फ आकांक्षा के रूप में की। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति और उसके दोस्त के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
काशीपुर थाना क्षेत्र के गढ्ढा कालोनी के रहने वाले भूरा कश्यप ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी अंजली उर्फ आकांक्षा ने तीन साल पहले नागफनी थाना क्षेत्र के गांव बंगला निवासी मोहित सैनी के साथ प्रेम विवाह किया था। पांच माह पहले ही वह पति के साथ काशीपुर में ही किराए के मकान में रहने लगी। आरोप है कि गुरुवार को उनकी छोटी बेटी अनीता ने सोशल मीडिया पर अपनी बहन का शव देख कर उसको पहचान लिया। जिसके बाद पता चला कि उसकी बेटी की गला रेत कर हत्या कर दी गई है। उसके बाद उसका शव भोजपुर थाना क्षेत्र में फेंक दिया गया।
इस पर उसकी बेटी ने मोहित को फोन कर जानकारी ली तो उसने बताया कि वह एक दिन पहले से लापता है। जिसका नंबर भी बंद जा रहा है। इसके बाद उसकी बेटी जहां वह किराए के मकान में रहती थी। वहां जाकर जानकारी ली तो मकान मालिक उमाशंकर ने बताया कि उसकी बहन अपने पति व पति के दोस्त के साथ सुबह चार बजे बाइक से कहीं पर गई थी। उसके बाद वह वापस लौट कर नहीं आई। ऐसे में उसकी बेटी की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके पति और उसके दोस्त ने की है। तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति को नामजद करते हुए उसके अज्ञात दोस्त के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी लेकिन, आरोपी घर पर नहीं मिला। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
बुधवार को मिला था शव
आकांक्षा का शव बुधवार को भोजपुर थाना क्षेत्र में काशीपुर रोड पर जहांगीरपुर गांव के पास मिला था। घटना की जानकारी होने पर एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश प्रताप सिंह और भोजपुर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पोस्टमार्टम के लिए शव भिजवाया था। पुलिस ने शव की पहचान कराने की काफी प्रयास किया था। लेकिन, पहचान नहीं हो सकी थी। सोशल मीडिया के जरिए पहचान होने के बाद उसके पिता ने तहरीर देकर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
युवती की पहचान होने के बाद उसके पिता ने तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पति और उसके अज्ञात दोस्त के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -- कुंवर आकाश सिंह, एसपी देहात
ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : 100 साल पुराने गौरी शंकर मंदिर को खुलवाने के लिए किया प्रदर्शन
