अमरोहा : मारपीट मामले में छात्र, उसके परिजनों और 8-10 अज्ञात पर एफआईआर
निजी स्कूल में 9वीं के छात्रों को पीटने-जान से मारने की धमकी देने का आरोप
अमरोहा, अमृत विचार। शहर क्षेत्र के एक निजी स्कूल में 9वीं के छात्रों को पीटने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपी छात्र, उसके परिजनों समेत 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव हाशमपुर में संजीव पुत्र समरपाल सिंह का परिवार रहता है। संजीव का बेटा मयंक चौधरी कांठ बाईपास स्थित ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल में 9वीं का छात्र है। उसके साथ दुष्यंत, अनेक, प्रभजोत, साजेब भी पढ़ते हैं। आरोप है कि कुछ दिन पहले साजेब का किसी बात को लेकर दुष्यंत से विवाद हो गया था। इसके बाद प्रधानाचार्य ने साजेब के पिता व चाचा को बुलाकर समझौता करा दिया था।
आरोप है कि 21 दिसंबर को स्कूल की छुट्टी के बाद साजेब के परिजनों और 8-10 अज्ञात व्यक्तियों ने मयंक, दुष्यंत, अनेक और प्रभजोत को बेरहमी से मारा पीटा था। इससे मयंक गंभीर रूप से घायल हो गया था। आरोप है कि मुस्तकीम ने मयंक की कनपटी से तमंचा सटा दिया था। चींख की आवाज सुनकर भीड़ एकत्रित हो गई थी। इसके आरोपी घायल छात्रों को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया था। अब घायल छात्र मयंक के पिता संजीव कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज लिया है। प्रभारी निरीक्षक पंकज तोमर ने बताया कि मामले में साजेब और उसके परिजनों समेत 8-10 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
ये भी पढे़ं : संभल : एएसआई ने प्राचीन भद्रकाश तीर्थ का किया सर्वे, तीर्थ कुंड व ईंटों को देखा
