प्रधानमंत्री मोदी और सोनिया समेत शीर्ष नेताओं ने मनमोहन सिंह को उनके आवास पर दी श्रद्धांजलि 

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई शीर्ष नेताओं ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की। तिरंगे में लिपटे पूर्व प्रधानमंत्री के पार्थिव शरीर को उनके आवास पर फूलों से सजे ताबूत में रखा गया, जहां पार्टी लाइन से ऊपर उठकर नेताओं ने दिवंगत नेता को अंतिम श्रद्धांजलि दी। सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। 

सूत्रों ने बताया कि सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को होने की संभावना है क्योंकि परिवार उनकी एक बेटी के अमेरिका से आने का इंतजार कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की। 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी की पूर्व प्रमुख सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी समेत कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने भी सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव प्रियंका गांधी और अन्य नेता भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की। हमारे देश के लिए उनके योगदान को भारत हमेशा याद रखेगा।’’ उन्होंने कुछ तस्वीरें भी साझा कीं।

पूर्व वित्त मंत्री और दो बार प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह का बृहस्पतिवार को निधन हो गया था। वह 92 साल के थे। मनमोहन सिंह को बृहस्पतिवार की शाम तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। उनका पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार देर रात एम्स से उनके आवास पर ले जाया गया। कांग्रेस नेता सिंह 2004 से 2014 तक, 10 वर्ष देश के प्रधानमंत्री रहे और उससे पहले उन्होंने वित्त मंत्री के रूप में देश के आर्थिक ढांचे को मजबूत करने में मदद की। वह वैश्विक वित्तीय और आर्थिक क्षेत्रों में एक प्रसिद्ध नाम थे। 

ये भी पढ़ें- Manmohan Singh Death Live: मनमोहन सिंह को राष्ट्रपति मुर्मू ने दी श्रद्धांजलि, AAP ने की भारत रत्न देने की मांग

संबंधित समाचार