बरेली: त्योहारी सीजन में जमकर बिकी मिठाई, इतने करोड़ रुपये का हुआ कारोबार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में दिवाली पर मिठाईयां खूब बिकीं। ग्राहकों को रिझाने के लिए बाजार से लेकर हाईवे के पास तक दुकानें लगाई गईं। इधर, भैयादूज को लेकर सोमवार को भी मिठाई दुकानों और गोदामों में मिठाई बनाने का सिलसिला सुबह से लेकर देर रात तक चलता रहा। पंचोत्सव पर इस बार मिठाई कारोबारियों …

बरेली, अमृत विचार। जिले में दिवाली पर मिठाईयां खूब बिकीं। ग्राहकों को रिझाने के लिए बाजार से लेकर हाईवे के पास तक दुकानें लगाई गईं। इधर, भैयादूज को लेकर सोमवार को भी मिठाई दुकानों और गोदामों में मिठाई बनाने का सिलसिला सुबह से लेकर देर रात तक चलता रहा। पंचोत्सव पर इस बार मिठाई कारोबारियों के मुताबिक 22 से 25 करोड़ रुपए का मिठाई कारोबार रहा, हालांकि कारोबारी इसको पिछले साल की तुलना में 30 से 35 प्रतिशत तक कम कारोबार की बात कह रहे हैं।


शहर में छोटी बड़ी करीब 250 से अधिक मिठाई की दुकानें हैं। दीपावली पर छोटी से लेकर बड़ी दुकानों पर शनिवार सुबह से ग्राहकों का तांता लगना शुरू हो गया था। शहर में बाजार के अलावा माडल टाउन, सिविल लाइन, पवन बिहार, कटरा चांद खां, शाहमतगंज आदि सड़कों के किनारे मिठाई की दुकानें लगाई गईं थी। शहर की मिठाई दुकानों पर तो जमकर मिठाई की बिक्री हुई ही, साथ ही सड़कों के किनारे लगी गई मिठाई की दुकानों पर लोगों ने उड़ती धूल मिट्टी आदि की परवाह किए बगैर जमकर खरीदारी की।

बड़ी दुकानों पर ग्राहकों की नब्ज भांपते हुए मिठाई कारोबारियों ने कुछ नई मिठाईयां भी बनाई थी। मिठाई कारोबारियों के मुताबिक इस बार ड्राईफ्रूट्स से बनी मिठाईयों की ज्यादा बिक्री हुई। मिठाई कारोबारियों के मुताबिक दिवाली पर इस बार पिछले साल की अपेक्षा बिक्री कम रही है। इसके बावजूद एक अनुमान के मुताबिक जिले भर में करीब 22 से 25 करोड़ रुपये की मिठाई की बिक्री हुई है।

शुगर फ्री पतीसा से त्योहारी सीजन में घोली मिठास
दिवाली से लेकर भैयादूज के दौरान शहर से लेकर गांव देहात तक मिठाइयों की धूम रहती है। दिवाली पर भी मिठाइयों की जमकर बिक्री हुई। ग्राहकों को लुभाने के लिए इस बार शुगर फ्री पतीसा, नरियल और काजू बर्फी, ड्राईफ्रूट लड्डू, काजू पिस्ता रोल आदि नामों से मिठाइयां उतारी गई। कारोबारियों के मुताबिक इस बार मावा की अपेक्षा ड्राईफ्रूट से बनी मिठाइयों की ज्यादा डिमांड रहेगी।

30 से 35 प्रतिशत कम रहा कारोबार
कारोबारियों के मुताबिक इस बार पहले की अपेक्षा 30 से 35 प्रतिशत तक मिठाइयों की कम बिक्री रही। कारोबारी बताते हैं कि इस बार कॉरपोरेट सेक्टर की ओर से कम ही आर्डर आए। रिटेल में इतनी अधिक बिक्री नहीं होती, मुख्य बिक्री तो कॉरपोरेट सेक्टर से ही होती है, लेकिन इस बार उन्होंने भी अपने हाथ पीछे खींच लिए।

त्योहारी सीजन में जिलेभर में 22 से 25 करोड़ रुपए का व्यापार होने का अनुमान है। हालांकि उम्मीद के मुताबिक इस बार पिछली वर्ष की अपेक्षा 30 से 35 प्रतिशत मिठाई की बिक्री कम हुई है। लॉकडाउन के बाद फिर भी बाजार ने पंचोत्सव पर रफ्तार को पकड़ा है।
अमित आहूजा, मिठाई कारोबारी

हर साल भाई दौज पर दोपहर 12 बजे तक माल खत्म हो जाता था और हम अपने घर चले जाते थे और घर पर भाई दौज का पर्व मनाते थे, लेकिन इस बार अभी तक कैसे भी मिठाई निकल जाए ग्राहकों के इंतजार में बैठे रहे हैं। पिछली साल की अपेक्षा इस बार मिठाई कारोबार में कुछ गिरावट रही है।
पीयूष, मिठाई कारोबारी

संबंधित समाचार