BPSC आंदोलन: प्रियंका गांधी ने BJP पर बोला तीखा हमला, कहा- भाजपा का 'डबल इंजन' युवाओं पर 'डबल अत्याचार' का प्रतीक बन गया है

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 13 दिसंबर को हुई परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर पटना में विरोध कर रहे प्रदर्शनकाारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने रविवार को पानी की बौछारें की और हल्का बल भी प्रयोग किया। साथ ही प्रशांत किशोर, उनकी पार्टी के अध्यक्ष समेत 600-700 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 

वहीं अब इस मामले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का "डबल इंजन" युवाओं पर "डबल अत्याचार" का प्रतीक बन गया है।

प्रियंका गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, "बिहार में तीन दिन के अंदर दूसरी बार छात्रों पर अत्याचार किया गया। परीक्षाओं में भ्रष्टाचार, धांधली, पेपर लीक रोकना सरकार का काम है। लेकिन भ्रष्टाचार रोकने की जगह छात्रों को आवाज उठाने से रोका जा रहा है।" उन्होंने कहा कि इस कड़ाके की ठंड में युवाओं पर पानी की बौछार और लाठी चार्ज करना अमानवीय है। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा का "डबल इंजन" युवाओं पर ‘डबल अत्याचार’ का प्रतीक बन गया है।

मामले पर पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने शाम को मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि गांधी मैदान से जेपी गोलंबर की ओर मार्च करते हुए प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर अवरोधक लांघने की भी कोशिश की।

 जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘प्रशासन ने कल ही स्पष्ट कर दिया था कि पटना के गांधी मैदान में कोई भी प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं होगी, इसके बावजूद प्रदर्शनकारी वहां रविवार को इकट्ठा हुए। जिला पुलिस ने प्रशांत किशोर, उनकी पार्टी के अध्यक्ष मनोज भारती, शहर के शिक्षक रामान्शु मिश्रा समेत 21 ज्ञात और 600-700 अज्ञात लोगों के खिलाफ अधिकारियों की मंजूरी के बिना गांधी मैदान में छात्रों की सभा आयोजित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।’’

ये भी पढे़ं : दक्षिण कोरिया में विमान दुर्घटना में 179 यात्रियों की मौत, लैंडिंग गियर में खराबी के कारण रनवे पर फिसला

संबंधित समाचार