Bareilly: सीजन का सबसे ठंडा दिन...अब दो दिन चलेगी शीतलहर, कोहरे का अलर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार: जिले का मौसम सोमवार को अचानक बदल गया। दिन में कोहरा और धुंध छायी रहने की वजह से अधिकतम तापमान एक दिन में आठ डिग्री तक लुढ़ककर 14.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। साल के अंत में सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग ने दो दिन और शीत लहर चलने और फिर कोहरे का अनुमान जताया है।

दो दिन हल्की बारिश के बाद रविवार को हल्की धूप खिली थी लेकिन रात से सर्द हवाएं चलने लगीं और सोमवार को पूरे दिन हवाएं चलीं और धूप नहीं खिली। इसकी वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। यही वजह रही कि दिन का तापमान लगभग रात के बराबर रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस अधिक 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिछले साल 30 दिसंबर को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 26 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के चक्रवातों के कारण नमी आने लगी थी। इससे बादल बने और हल्की बारिश हुई। सोमवार को मौसम में फिर बदलाव शुरू हुआ है। उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से सर्दी का अहसास शुरू हो गया है। सुबह तड़के दृश्यता भी कम रहीं। दिन भर तेज सर्द हवाएं चलती रहीं। दिन भर धूप नहीं निकलने से लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास हुआ। सोमवार को हवा में नमी सुबह 88 प्रतिशत और शाम को 86 प्रतिशत दर्ज की गई। इस दौरान 8-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चलीं।

आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को शीतलहर चलेगी। इस दौरान औसतन अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज होने का पूर्वानुमान है। वहीं 1 जनवरी को भी शीतलहर का प्रकोप रहेगा। इसके बाद 2 से 5 जनवरी तक सुबह कोहरा और धुंध छाए रहेंगे और दिन में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान औसतन अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज होने का पूर्वानुमान है।

यह भी पढ़ें- नए साल में रेलवे का तोहफा, 1 जनवरी से चलेगी ये स्पेशल ट्रेन...5 जोड़ी बरेली से होकर गुजरेंगी

संबंधित समाचार