Lucknow News : 30 रुपये के विवाद में सैलून संचालक ने सर्राफ के बेटे के पेट में घोंपी कैंची

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार: मड़ियांव अंतर्गत गायत्री नगर में 30 रुपये के विवाद में सैलून संचालक ने सर्राफ के बेटे के पेट में कैंची घोंप दी। आंत फटने से युवक बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घायल को बचाने पहुंचे भाई पर भी आरोपियों ने उस्तरे से हमला किया। चीख पुकार सुनकर आसपड़ोस के लोग मदद के लिए दौड़े। घायल को केजीएमयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गायत्री नगर निवासी देवी सहाय सोनी की रामलीला मैदान के पास शिवम ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। घर के पास ही अनमोल और उसका भाई चंद्रशेखर सैलून की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार सुबह देवी सहाय सैलून की दुकान पर पहुंचे। नाई अनमोल को उन्होंने दाढ़ी बनाने और बालों में डाई लगाने के लिए 20 रुपये दिए थे। दूसरे कस्टमर के बैठे होने के चलते वे देर होने की बात कहकर दुकान चले गए। शाम को वापस लौटने पर उन्होंने अनमोल से बालों में डाई लगाने को कहा। इस पर अनमोल ने 20 की जगह 30 रुपये मांगे। अचानक से रुपये बढ़ाने की बात को लेकर उनके बीच बहस हो गई।

नाई और सर्राफ के बीच बहस होती देख स्थानीय लोगों ने बीच बचाव कर दोनों को अलग कर दिया। रात करीब 9 बजे बेटे शिवम और सोनू सोनी घर लौटे। पिता से झगड़े का पता चलने पर सोनू नाई की दुकान पर पहुंचा। झगड़े का कारण पूछने पर अनमोल और उसका भाई चंद्रशेखर ने सोनू से गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान शिवम भी वहां पर गया। सोनू ने बताया कि बहस के बीच अनमोल और चंद्रशेखर मारपीट करने लगे।

इसी दौरान अनमोल ने उस्तरे से शिवम के हाथ पर वार किया। साथ ही चंद्रशेखर ने दुकान से कैंची निकाल कर सोनू के पेट में घोंप दी। आंत फटने से वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। सूचना पर देवी सहाय भी पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी अनमोल और चंद्रशेखर भाग निकले। आनन-फानन में सोनू को गम्भीर हालत में केजीएमयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानन्द मिश्र ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही आरोपित अनमोल और चंद्रशेखर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें- प्रभात पांडेय की मौत का मामला : 17 दिन बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत 24 के दर्ज हुए बयान, अन्य को भेजी नोटिस

संबंधित समाचार