लखनऊः 50.12 लाख यात्रियों ने 9 महीनों में लखनऊ एयरपोर्ट से भरी उड़ान, पांच मिलियन यात्रियों का बनाया रिकॉर्ड

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: चौधरी चरण सिंह लखनऊ एयरपोर्ट पर नौ महीनों में 50.12 लाख यात्रियों की आवाजाही रही है। पिछले साल 40 लाख 93 हजार यात्रियों की इस अवधि में आवाजाही हुई थी। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार यात्रियों की संख्या में पिछले साल के मुकाबले पांच फीसदी से अधिक वृद्धि दर्ज की गई है। यात्रियों की संख्या में वृद्धि शुरुआती नौ महीनों (अप्रैल-दिसंबर 2024) में दर्ज की गई है। इस अवधि में यात्रियों की कुल संख्या में 40 लाख 34 हजार घरेलू यात्री हैं। शेष अन्तरराष्ट्रीय यात्री हैं जो या तो बाहर से यहां आए अथवा गए। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में यात्री यातायात में अच्छी वृद्धि देखी गई है। पहले नौ माह के दौरान 38 हजार 953 विमानों की आवाजाही रही। इसके पहले वर्ष 2023-24 में इसी अवधि के दौरान यह संख्या 35 हजार 190 थी। एयरपोर्ट से रोजाना औसतन 140 फ्लाइटों की आवाजाही हो रही है। करीब 21 हजार 500 यात्री प्रतिदिन यहां से यात्रा करते हैं। कुल 29 घरेलू और 10 अन्तरराष्ट्रीय उड़ानें हैं।

इन शहरों के यात्री सबसे अधिक

घरेलू फ्लाइटों में दिल्ली, मुम्बई और बंगलुरू जाने वाले यात्रियों की संख्या सबसे ज्यादा है। अन्तरराष्ट्रीय गंतव्यों में मस्कट, दम्माम और दुबई आने जाने वाले यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रही।

माल की ढुलाई भी बढ़ गई

एयरपोर्ट से माल ढुलाई भी बढ़ी है। शुरुआती नौ महीनों में सात फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह नौ महीनों के दौरान 16 हजार 655 मीट्रिक टन रही। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 15 हजार 597 मीट्रिक टन थी। इसमें 12,700 मीट्रिक टन घरेलू और 4,161 मीट्रिक टन अन्तर्राष्ट्रीय कार्गो शामिल था।

यह भी पढ़ेः लखनऊः 5 लाख उपभोक्ता झेलेंगे बिजली संकट, कई इलाकों में गुल रहेगी बिजली

संबंधित समाचार