बरेली: …जब शहर के चौराहों पर पहुंच गए यमराज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सड़कों पर वाहन यमराज बनकर घूम रहे हैं। यमराज रूपी वाहनों से जान तभी बचायी जा सकती है जब सुरक्षा कवच यानी हेलमेट पहना जाए। कुछ ऐसा ही संदेश देकर नुक्कड़ नाटक के जरिए ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जागरूक किया। पुलिस द्वारा चौकी चौराहा व सैटेलाइट चौराहा पर नुक्कड़ नाटक का …

बरेली, अमृत विचार। सड़कों पर वाहन यमराज बनकर घूम रहे हैं। यमराज रूपी वाहनों से जान तभी बचायी जा सकती है जब सुरक्षा कवच यानी हेलमेट पहना जाए। कुछ ऐसा ही संदेश देकर नुक्कड़ नाटक के जरिए ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जागरूक किया। पुलिस द्वारा चौकी चौराहा व सैटेलाइट चौराहा पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।

नवंबर माह के पहले 15 दिनों के अभियान के तहत करीब 6 हजार लोगों ने ट्रैफिक पुलिस को करीब 32 लाख रुपये जुर्माने के तौर पर दे दिए लेकिन शहर में हालात सुधरते नहीं दिख रहे हैं। न तो लोग हेलमेट पहन रहे हैं और न ही सीट बेल्ट बांध रहे हैं। यहां तक कि फोन पर भी बात करके धड़ल्ले से वाहन दौड़ाकर अपने साथ दूसरों की भी जान खतरे में डाल रहे हैं।

चौकी चौराहा व सैटेलाइट चौराहा पर नुक्कड़ नाटक के जरिए दिखाया गया कि एक बाइक पर तीन लोग जा रहे होते हैं। तीनों ने हेलमेट नहीं पहना होता है। तीनों की बाइक किसी वाहन से टकरा जाती है और उनकी मौत हो जाती है। इसके बाद यमराज तीनों के आत्मा लेने पहुंचते हैं। इस पर दूत बताते हैं कि किस तरह से हेलमेट न पहनने की वजह से तीनों की हादसे में जान गई है।

हेलमेट को लेकर यमराज पूछते हैं कि यह क्या होता है तो दूत बताता है कि हेलमेट सुरक्षा कवच होता है। इसी तरह बाइक को लेकर भी यमराज पूछते हैं कि बाइक क्या होती है तो दूत बताता है कि जैसे आपकी सवारी भैंसा है, वैसे ही यह एक तरह की सवारी है। इसी तरह से पूरे नाटक को प्रदर्शित किया जाता है।

845 वाहनों के चालान
मंगलवार को पुलिस ने यातायात माह के तहत काफी सख्ती बरती। इस दौरान 845 वाहनों के चालान किए गए और उनसे 197600 रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। पुलिस ने दो वाहनों को सीज भी किया है। यातायात माह के तहत यह अब तक की एक दिन में सबसे बड़ी कार्रवाई है। मंगलवार को पुलिस ने हूटर, सायरन और प्रेशर हार्न लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की। शाम के बाद शराब पीकर वाहन चलाने वालों के चालान किए गए।

15 दिनों की कार्रवाई
5886 चालान किए गए
3186800 रुपये जुर्माना वसूला गया

संबंधित समाचार