Whatsapp पर कई महिला कांस्टेबल का फोटो लगाकर करता था वसूली, सिपाही गिरफ्तार...SP ने किया निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई, अमृत विचार। व्हाट्सअप पर महिला कांस्टेबल का फोटो लगाकर पहले पैसों की मांग करने और फिर उसे वायरल करने की धमकी देने के नाम पर वसूली करने वाला सिपाही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसके खिलाफ साइबर थाने में केस दर्ज किया गया है। वहीं एसपी नीरज कुमार जादौन ने उसे निलंबित करते हुए जांच के आदेश दिए है।

बताया गया है कि कासिमपुर में तैनात रहा सिपाही विनय कुमार कई महिला कांस्टेबल का व्हाट्सअप पर फोटो लगाकर वसूली करता था। ये महिला कांस्टेबल कासिमपुर, मल्लावां और सण्डीला कोतवाली में तैनात हैं। जिनका फोटो व्हाट्सअप पर शेयर करने के बाद पहले वसूली करने और उसकी बात न मानने पर उन्हे वायरल करने की धमकी देता था। जिसके बाद महिला कांस्टेबल ने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी।

दी गई तहरीर के मुताबिक आरोपी सिपाही के खिलाफ बीएनएस के अलावा 66-ई/67 आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन कर रही साइबर थाने में तैनात एसआई ओमप्रकाश सरोज, कांस्टेबल तरुण शर्मा और महिला कांस्टेबल अमृता सिंह की टीम ने आरोपी सिपाही विनय कुमार पुत्र सतीश चंद्र निवासी आदमपुर थाना उमरी बेगमगंज ज़िला गोण्डा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एसपी नीरज कुमार जादौन ने आरोपी कांस्टेबल को निलंबित कर सारे मामले की गहराई से जांच करने के आदेश दिए है।

लाइन हाज़िर चल रहा था कांस्टेबिल
व्हाट्सअप पर फोटो शेयर कर पैसों की वसूली करने का आरोपी कांस्टेबल विनय कुमार कासिमपुर थाने में तैनाती के दौरान लाइन हाजिर किया जा चुका था। उसके खिलाफ केस दर्ज होने के बाद एसपी ने निलंबित कर दिया।

लोन चुकाने के लिए करता था वसूली
महिला कांस्टेबल से वसूली करने के आरोपी कांस्टेबल के बारे में बताया गया है कि उसने बैंक से लोन लिया था। उसी लोन को चुकाने के लिए वह इस तरह वसूली करता था।

ये भी पढ़ें- हरदोई में निजी अस्पताल में जच्चा बच्चा की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

संबंधित समाचार