बदायूं : लापता मानसिक मंदित का नदी किनारे उतराता मिला शव
19 दिसंबर की शाम घर से निकले थे जमान अली, 15 जनवरी की शाम नदी किनारे उतराता मिला शव
सहसवान, अमृत विचार। सहसवान क्षेत्र में 26 दिन पहले लापता हुए मानसिक मंदित बुजुर्ग का शव गांव के पास महावा नदी किनारे उतराता मिला। पुलिस ने नदी से शव बाहर निकलवाया। मृतक के बेटे ने शरीर पर चोट के निशान बताते हुए हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
कोतवाली सहसवान क्षेत्र के गांव घूरनपुर निवासी जमान अली (70) पुत्र चुन्नू खां मानसिक मंदित थे। वह 19 दिसंबर की शाम घर से गए थे। परिजनों से थोड़ी देर में आने की बात कही थी। जिसके बाद से वह लापता हो गए। परिजनों के तलाश किया। आसपास के गांवों के अलावा रिश्तेदारी में भी जानकारी की लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। परिजनों ने 22 दिसंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने भी जमान अली की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार को गांव के पास उनके परिजन गांव जौनेरा के पास से गुजर रही महावा नदी किनारे पेड़ से सूखी हुई लकड़ियां तोड़ने गए थे। नदी किनारे शव उतराता हुआ नजर आया। परिजनों ने ग्रामीण और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में शव बाहर निकाला तो जमान अली के रूप में शिनाख्त हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे सलीम अख्तर ने बताया कि उनके पिता मानसिक मंदित थे। वह अक्सर घूमने निकल जाते थे। बाद में खुद ही वापस आ जाते थे। पिता के शरीर पर निशान के चलते हत्या की आशंका जताई। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जिसकी रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - बदायूं: गोकशी करके मुस्लिम बस्ती में सप्लाई करते थे गोमांस, आरोपी गिरफ्तार
