रूट रिएक्टर पेड़ों की जड़ से बनाएगा बिजली: कानपुर में युवाओं ने प्रस्तुत किए इनोवेशन, निवेशकों ने दिया स्टार्टअप को मदद का भरोसा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

कानपुर, अमृत विचार। सीएसजेएमयू में राष्ट्रीय उद्यमिता दिवस पर शिक्षा मंत्रालय तथा ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ टेक्निकल एजुकेशन द्वारा आयोजित उद्यमोत्सव में युवाओं ने कृषि, रक्षा, विद्युत और सेवाओं पर आधारित 25 नवाचार प्रस्तुत किए। बस्ती के प्रमोद पाण्डेय ने ऐसा रूट रिएक्टर डिजाइन किया है जो पेड़ों की जड़ से बिजली बनाएगा। 

अनुष्का शुक्ला व शिवेंद्र सिंह ने ऐसी सेफ्टी डिवाइस प्रदर्शित की, जिसे घर व दुकान में लगाकर मोबाइल से कंट्रोल किया जा सकता है। यह उपकरण इंटरनेट के बिना भी चल सकता है। टाइमर सेट करने पर यदि बंद दुकान में कोई घुसता है तो तुरंत ही मोबाइल फोन बज उठेगा।    

कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कुलपति विनय कुमार पाठक ने कहा कि स्टार्टअप का आइडिया सबके पास होता है, लेकिन डर की वजह से आगे नहीं बढ़ पाते है। संस्थानों को चाहिए वह छात्रों और उन सभी लोगों को प्रोत्साहित करें जिनके पास कुछ नया करने का विचार है। कार्यक्रम की रूपरेखा इनोवेशन फाउंडेशन की डायरेक्टर व डीन डॉ शिल्पा देशपांडे कायस्था ने प्रस्तुत की। 

उद्यमोत्सव में अनिकर्थ वेंचर की आरती गुप्ता ने कहा कि आज भारत की इनोवेशन और स्टार्टअप्स के कारण दुनिया में खास पहचान है। जेट निटवेयर के सीएमडी बलराम नरूला ने आश्वस्त किया कि वह स्टार्टअप को हर तरह से आगे बढ़ने में मदद करेंगे। पीआईए के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अतुल सेठ ने कहा कि 2016 के बाद 1.57 लाख स्टार्टअप्स रजिस्टर हुए हैं, जिनमें 100 यूनिकॉर्न स्टार्टअप के रूप में चल रहे हैं। 

इनमें तमाम स्टार्टअप्स ग्रामीणांचल से हैं। कुलसचिव डॉ अनिल कुमार यादव, शिक्षा मंत्रालय में इनोवेशन सेल के प्रतिनिधि योगेश ब्रह्मशंकर, सीएसजेएमआईएफ के सीईओ विवेक मिश्रा, डायरेक्टर डॉ सुधांशु राय, डॉ विवेक सिंह सचान, डॉ दिव्यांशु, डॉ प्रवीण भाई पटेल, डॉ संदेश गुप्ता, इन्क्यूबेशन मैनेजर अनिल त्रिपाठी उपस्थित रहे।

उपनिषद के ‘ऋण’ और ‘धन’ सिद्धांत का प्रयोग

बस्ती के प्रमोद पाण्डेय ने ऐसा रूट रिएक्टर डिजाइन किया है जो पेड़ों की जड़ से बिजली बनाएगा। प्रमोद के अनुसार 16 साल की मेहनत में उपनिषद के ‘ऋण’ और ‘धन’ सिद्धांत पर इसे बनाया है। उनका दावा है कि इस रूट रिएक्टर से पेड़ों की जड़ से 90 वोल्ट तक बिजली पैदा करके आसानी से बैटरी में सुरक्षित रखी जा सकती है। 

घर बनाना किया आसान

लखनऊ से आए मोहम्मद सलमान खान व शिवेंद्र सिंह चौहान का बनाया ‘ईजी होम’ एप घर बनाने के इच्छुक ग्राहकों की निर्माण प्रक्रिया को सुलभ और सरल बनाता है। भूमि की खरीद से लेकर कंस्ट्रक्शन तक की सभी सेवाएं तकनीकी जानकारी के साथ एक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। 

एआई ड्रोन खेती बनाएगा आसान

दिल्ली के आयुष सिंह व अभिनव शाक्य का बनाया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित स्मार्ट ड्रोन की मदद से किसान अपनी फसल में सिर्फ उसी हिस्से पर पानी या खाद का छिड़काव कर सकेंगे, जहां पर जरूरत होगी। 

यह भी पढ़ें- Kanpur में योग शिक्षिका की मौत का मामला: अज्ञात ऑटो चालक पर रिपोर्ट दर्ज, खंगाले गए 200 सीसीटीवी फुटेज

 

संबंधित समाचार