पीलीभीत: शोहदे ने की छेड़छाड़ तो जेएनएम की छात्रा ने चलते ई रिक्शा से लगाई छलांग

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। शहर में आबादी के बीच मुख्य मार्ग पर ई रिक्शा में सवार जेएनएम की छात्रा से शोहदे ने छेड़छाड़ की। शोहदा भी ई रिक्शा में ही सवार था। विरोध के बाद भी जब शोहदा नहीं माना तो घबराई छात्रा ने चलते ई रिक्शा से ही छलांग लगा दी और भाग गई। घटना की सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। दिनदहाड़े हुई वारदात से हड़कंप मचा था। 

बरखेड़ा थाना क्षेत्र की एक युवती ने सुनगढ़ी थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह जेएनएम की छात्रा है। उसकी ट्रेनिंग महिला अस्पताल में चल रही है। वह प्रतिदिन गांव से शहर आती है। शुक्रवार सुबह मैजिक में सवार होकर गांव से शहर पहुंची। नौगवाँ चौराह के पास से ई रिक्शा में महिला अस्पताल जाने के लिए सवार हुई। ई रिक्शा में एक पहले से सवार था। उसने हाईवे की बजाय ई रिक्शा लेखराज चौराहा की तरफ मुड़वा लिया। नए रास्ते से लेजाने पर विरोध किया तो यह कह दिया गया कि युवक को उतारने के बाद शहर के भीतर से अस्पताल पहुंचा दिया जाएगा। दूधिया मंदिर के पास पहुंचते ही ई रिक्शा में बैठे युवक ने पहले फब्तियां कसी और फिर अश्लील हरकत कर छेड़छाड़ करने लगा। छात्रा घबरा गई और खुद को अकेला पाकर चलते ई रिक्शा से छलांग लगा दी। जिसमें गिरकर उसे मामूली चोट भी आई। आरोपी मौका पाकर भाग गया। मौके पर तमाम लोग जमा हो गए। पीड़िता ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इस पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बता दें कि इस मार्ग पर बीते सालों में इसी तरह की घटना हुई थी। जिसमें रिक्शा चालक पर आरोप था। इस घटना के बाद तत्कालीन पुलिस अधिकारियों ने शहर के ई रिक्शा चालकों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए थे। कुछ दिन सख्ती रही लेकिन बाद में हालात जस के तस हो गए। 

सीसीटीवी में कैद हुई घटना, फुटेज खंगाल रही पुलिस 
जेएनएम छात्रा के साथ हुई घटना दूधिया मंदिर रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। एक फुटेज में छात्रा चलते ई रिक्शा से छलांग लगाने के बाद सड़क पर गिरती दिखाई दी। पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे अन्य कैमरों की भी फुटेज खंगाल रही है। ताकि आरोपी की पहचान हो सके। 

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस गई थी। अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी भी चेक किए जा रहे है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। - पवन कुमार पांडेय, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी

संबंधित समाचार