पीलीभीत: मजदूरी करने जा रहे बुजुर्ग पर बाघ का हमला, शोर-शराबा करने पर बची जान
माधोटांडा, अमृत विचार। लंबे समय की शांति के बाद शुक्रवार शाम बाघ हमले की खबर से सनसनी फैल गई। शारदा पार मजदूरी करने जा रहे एक बुजुर्ग पर झाड़ियों से निकले बाघ ने हमला कर दिया। बुजुर्ग पर हुए बाघ हमले को देखकर आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीणों ने शोर-शराबा करना शुरू कर दिया, तब कहीं बाघ बुजुर्ग को छोड़कर पुन: झाड़ियों में चला गया। हमले में घायल हुए बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय वनाधिकारी ने घायल बुजुर्ग का हाल जाना और हमले में बारे में जानकारी ली।
घटना कलीनगर तहसील क्षेत्र में शारदा नदी पर बने रमनगरा घाट पर शुक्रवार शाम करीब पांच बजे हुई। माधोटांडा निवासी 50 वर्षीय पट्टे कश्यप शुक्रवार शाम शारदा नदी पार गोरखडिब्बी जा रहे थे। बताते हैं कि पट्टे कश्यप मजदूरी पर गन्ना छिलाई करने की बात कहकर घर से निकले थे। ग्रामीणों के मुताबिक वह नदी किनारे बने रमनगरा घाट पर पहुंच ही पाए थे कि इस बीच झाड़ियों से निकले एक बाघ से उन पर पीछे से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बुजुर्ग जमीन पर गिर पड़े। बाघ द्वारा हमला देख बुजुर्ग ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। बताते हैं कि बुजुर्ग के चीखने की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने शोर-शराबा करना शुरू कर दिया। इस पर बाघ बुजुर्ग को छोड़कर दोबारा झाड़ियों में चला गया। हमले में बुजुर्ग की पीठ और गर्दन में बाघ के पंजे लगने से जख्म हो गया। घायल बुजुर्ग को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। जहां डाक्टरों द्वारा घायल बुजुर्ग का इलाज किया जा रहा है। बाघ हमले की सूचना बराही रेंज के कर्मियों को भी दी गई। सूचना मिलने के बाद बराही रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी अरुण मोहन श्रीवास्तव और डिप्टी रेंजर मोहम्मद आरिफ टीम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। क्षेत्रीय वनाधिकारी ने घायल का हाल जानने के साथ हमले से संबंधित जानकारी ली। फिलहाल रेंज द्वारा हमले वाले क्षेत्र में निगरानी शुरू की गई है।
बाघ हमले में एक ग्रामीण के घायल होने की जानकारी मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायल से भी जानकारी ली गई है। इसको लेकर संबंधित क्षेत्र में निगरानी शुरू की गई है। - अरुण मोहन श्रीवास्तव, क्षेत्रीय वनाधिकारी, बराही रेंज
