Barabanki News : वेयर हाउस में लाखों का माल उड़ाने वाले 9 अन्तर्जनपदीय चोर गिरफ्तार
बाराबंकी, अमृत विचार : जिले की स्वाट, सर्विलांस व थाना देवा की पुलिस टीम ने एक ही वेयर हाउस से दो बार में लगग 25 लाख के माल की चोरी करने वाले नौ शातिर अन्तर्जनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार चोरों के कब्जे से पुलिस ने कार्टन, नकदी, तमंचा, मोबाइल और चार पहिया वाहन भी बरामद किया।
एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बीती 8 जनवरी को ओम लजिस्टिक्स लिमिटेड के शाखा प्रबन्धक रंजीत झा ने देवा थाने में माती स्थित वेयर हाउस से कई कार्टन माल गायब हो जाने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। उसी मामले में सीसीटीवी फुटेज की जांच से पता चला कि तीन और चार जनवरी की रात्रि में अज्ञात चोरों ने वेयर हाउस के पीछे की टिन शेड को खोलकर माल के कार्टन चोरी किए हैं। मामले के खुलासे के लगी पुलिस टीम ने जांच पड़ताल के बाद सभी नौ शातिर चोरों कृष्ण मोहन, दीपक अग्रवाल, हनुमान रावत, कुलदीप, सुधीर, ओंकार, गुरूमीत सिंह, मनोज और रनमीत सिंह को थाना क्षेत्र के जरुअ जंगल, ग्राम टिकरिया से गिरफ्तार किया। साथ ही अभियुक्तों के कब्जे से 85 मोटर पार्ट्स के कार्टन, दो चार पहिया वाहन, तीन मोबाइल फोन और लगभग छह हजार की नकदी बरामद की। पुलिस ने अभियुक्त कृष्ण मोहन के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस भी बरामद किया।
एसपी ने बताया कि अभियुक्त कृष्ण मोहन और हनुमान रावत पहले टेल्को कंपनी में गाड़ियां चलाते थे। इन दोनों का परिचय अभियुक्त दीपक अग्रवाल से हुआ। जो ऑटो मोटर पार्ट्स की दुकनों पर गाड़ियों के पार्ट्स बेचने का काम करता है। हनुमान रावत और कृष्ण मोहन ने वेयर हाउस में चोरी करने के लिए एक गैंग बनाया। उस चोरी किये गये सामान को बेचने के लिए दीपक अग्रवाल को भी शामिल किया। सभी ने मिलकर माती स्थित वेयर हाउस को निशाना बनाया और तीन जनवरी को पीछे टिन की दीवार के नट-बोल्ट खोल सामान गाड़ी पर लाद कर चले गये। अगले दिन जब अभियुक्तों को पत चला कि चोरी के बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं हुई तो चार जनवरी को दोबारा वेयर हाउस में जाकर अन्य सामान चोरी किया। वहीं माल की डिमाण्ड होने पर वेयर हाउस कर्मचारी जब अन्दर गये और गिनने पर माल कम पाया तो सीसीटीवी फुटेज देखा गया। जिससे चोरी का पता चल सका।
एसपी के मुताबिक वेयर हाउस में दो बार सामान निकाल कर चोरी करने से अभियुक्तों का मन बढ़ गया और उनके द्वारा जिले के आस पास के जनपदों के दूसरे कई वेयर हाउसों पर चोरी करने की योजना बनाई गई थी। लेकिन पुलिस ने अभियुक्तों को गिरफ्तार कर दूसरी घटनाओं को घटित होने से बचा लिया गया। एसपी ने बताया कि अभियुक्त कृष्ण मोहन व मनोज ने साल 2024 में लखनऊ के गुडम्बा थाना स्थित वेयर हाउस में भी चोरी की थी।
चोरी का माल खरीदने वाले भी गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में चोरी करने वालों के साथ ही उनसे माल खरीदने वाले भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि करीब 25 लाख के चोरी के माल को जानबूझकर ऑटो पार्ट्स की दुकान के मालिक, गैराज के मालिक और मैकेनिकों ने केवल छह लाख में खरीदा था। ऐसे में वह लोग इस तरह की चोरियों को बढ़ावा दे रहे है। इसलिये पुलिस ने उन्हें भी गिरप्तार किया है।
फोन पे से धोखाधड़ी करने वाला हरियाणा से गिरफ्तार
बाराबंकी पुलिस ने हरियाणा पुलिस के सहयोग से एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फोन पे के जरिए एक परिवार से करीब 30 हजार रुपये की ठगी की थी। पुलिस के अनुसार 14 जनवरी को आरोपी ने खुद को रिश्तेदार बताकर पीड़िता फूलमती के पुत्र को फोन किया और उसके खाते में 16 हजार रुपये जमा करने का झांसा दिया। इसके बाद धोखाधड़ी से 1,999 रुपये के 15 ट्रांजैक्शन कराकर कुल 29,985 रुपये ऐंठ लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की।
मोबाइल लोकेशन की जांच में पता चला कि आरोपी हरियाणा में है। हरियाणा पुलिस के साथ समन्वय कर आरोपी साकिर उर्फ साकिर हुसैन को फरीदाबाद के एसजीएम नगर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से नूह जिले के डाढ़ौली कला का रहने वाला है और फरीदाबाद में किराए पर रह रहा था। मोहम्मदपुर खाला पुलिस टीम हरियाणा पहुंचकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें- Ayodhya News : रिंग रोड विस्तार में आये सोहावल के 10 और गांव, 18 हेक्टेयर भूमि का और हुआ अधिग्रहण
