कानपुर में वसूली करने में दो दरोगा व कांस्टेबल सस्पेंड: विभागीय जांच बैठाई, 100 ई-सिगरेट बरामद कर दिखाई पांच, जुर्माना लगाकर छोड़ा...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मामले की जांच के बाद पुलिस कमिश्नर ने की कार्रवाई

कानपुर, अमृत विचार। स्वरूपनगर थाने में तैनात दो दरोगा और कांस्टेबल को पुलिस कमिश्नर ने वसूली के आरोप में सस्पेंड किया है। साथ ही विभागीय जांच बैठाई है। मामले की जांच एसीपी ने की, जिसमें तीनों पुलिस कर्मी दोषी पाए गए। 

डीसीपी सेंट्रल दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि रतन आर्बिट इंदिरानगर निवासी प्रकाश अग्रवाल की स्वरूप नगर में मिनी मेगा स्टोर के नाम से दुकान है। जहां वह हुक्के से संबंधित माल बेचते हैं। बीती 19 दिसंबर को नगरनिगम चौकी प्रभारी यशवीर सिंह, कोहना थाने के आर्यनगर चौकी इंचार्ज अविसार सिंह और कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार ने प्रकाश अग्रवाल की दुकान पर छापा मारा।

दुकान से करीब 100 अदद ई-सिगरेट बरामद किया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर कब्जे में लेकर दुकान के मैनेजर शिखर त्रिपाठी को संबंधित चौकी में ले जाया गया। इसके बाद रुपयों की डिमांड की गई और मांग पूरी नहीं होने पर जेल भेजने की धमकी दी। जेल जाने के डर से दुकानदार ने मांग पूरी कर दी।

इस पर छापेमारी में सिर्फ 5 ई-सिगरेट बरामद दिखाई और जुर्माना लगाकर छोड़ दिया। दुकान मालिक ने मामले की जानकारी पुलिस अफसरों को दी। इस पर पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने एसीपी कर्नलगंज टीबी सिंह को जांच सौंपी। जांच में आरोप सही पाए गए।

जिसके आधार पर पुलिस कमिश्नर ने शुक्रवार शाम को नगरनिगम चौकी इंचार्ज यशवीर सिंह, आर्य नगर चौकी इंचार्ज अविसार सिंह और कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार को सस्पेंड कर दिया।

संबंधित समाचार