Bareilly: मंडल की चौड़ी होंगी 7 सड़कें, 88.62 करोड़ मंजूर, टेंडर प्रक्रिया शुरू

Bareilly: मंडल की चौड़ी होंगी 7 सड़कें, 88.62 करोड़ मंजूर, टेंडर प्रक्रिया शुरू

बरेली, अमृत विचार: मंडल की सात सड़कों का 88.62 करोड़ की लागत से चौड़ीकरण होगा। पहली किस्त में 23.62 करोड़ अवमुक्त होने के बाद टेंडर निकाल दिए गए हैं। इनमें बरेली, बदायूं, पीलीभीत की दो-दो और शाहजहांपुर की एक सड़क शामिल है। पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर के मुताबिक इसी महीने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कर दिया जाएगा।

बरेली के नेशनल हाईवे- 24 से गौसगंज सराय, धारमपुर और जरौली होते हुए पौने तीन किमी लंबे फतेहगंज पूर्वी-दातागंज मार्ग के 10.85 करोड़ की लागत से टू लेन करने की मंजूरी पिछले सप्ताह मिली थी। इसकी पहली किस्त के रूप में 2.71 करोड़ अवमुक्त किए गए हैं। आंवला-अलीगंज-गैनी मार्ग के लिए शासन ने 23 दिसंबर को 28.5 करोड़ मंजूर कर 9.97 करोड़ रुपये जारी किए हैं। करीब 14 किमी लंबे मार्ग को पांच मीटर चौड़ा किया जाएगा।

बदायूं में छह सौ मीटर लंबे शाहबाद से बिसौली-कछला गंगाघाट मार्ग के लिए 1.44 करोड़, बरेली-मथुरा रोड पर तीन किमी लंबे मार्ग के लिए 7.83 करोड़, पीलीभीत के आठ किमी लंबे मझोला डयूनीडाम मार्ग के लिए 8.75 करोड़, 11 किमी लंबे खमरिया-कनाकोर मार्ग के लिए 14.80 करोड़ और शाहजहांपुर के निगोही-ईशापुर 7.75 किमी मार्ग के लिए 16.33 करोड़ का बजट जारी किया जा चुका है।

सड़कों के साथ पटरियां भी बनाई जाएंगी
चीफ इंजीनियर अजय कुमार ने बताया कि सड़कों के चौड़ीकरण या नवीनीकरण कराने वाले ठेकेदारों को अब अनिवार्य रूप से दोनों तरफ पटरियां बनानी होंगी। शासन की ओर से सड़कों की दोनों तरफ पटरी बनाने का आदेश जारी किया गया है। इसका हर ठेकेदार को पालन करना होगा। टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा लेने वाले ठेकेदारों को इस संबंध में बता दिया गया है।

यह भी पढ़ें- बरेली में सपा छात्रसभा जिलाध्यक्ष ने किया हमला, विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता को तमंचे से धमकी, डंडों से पीटा...5 लागों पर FIR