कासगंज: आटा चक्की मालिक को लूटा, डेढ़ लाख रुपए लेकर फरार हुए तीन बदमाश
कासगंज, अमृत विचार: सदर कोतवाली क्षेत्र में स्पेलर चक्की बंद कर घर लौट रहे चक्की संचालक को बाइक सवार तीन लुटेरों ने तमंचे के बल पर लूट लिया। लुटेरे डेढ़ लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया। सुबह पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला मजरा कलियानपुर निवासी भूपेंद्र सिंह, पुत्र रामनिवास, गढ़ी अड्डे पर स्पेलर चक्की चलाते हैं। वह शुक्रवार की रात करीब नौ बजे चक्की बंद कर घर लौट रहे थे। तभी सैयद बाबा चौराहे के निकट बाइक पर आए तीन नकाबपोश लुटेरों ने तमंचा दिखाकर उन्हें रोक लिया। लुटेरों ने तमंचा उनके सीने पर लगाकर डेढ़ लाख रुपए की नकदी छीन ली और फरार हो गए।
पीड़ित ने घटना की सूचना सदर कोतवाली पुलिस को दी। घटना के लूट से संबंधित होने के कारण पुलिस के अधिकारी, सर्विलांस और एसओजी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पीड़ित चक्की संचालक से जानकारी लेकर पुलिस लुटेरों की तलाश में जुट गई। रात्रि में चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। घटना के संबंध में पुलिस ने दो-तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
एएसपी राजेश भारती, कासगंज ने कहा कि भूपेंद्र नामक चक्की संचालक से लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो-तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- कासगंज : ढोलना और सुन्नगढ़ी थानों में जब्त हुए 66 वाहनों की हुई नीलामी
