इस योजना के तहत युवाओं को बिना किसी गारंटी के मिलेगा ब्याजमुक्त ऋण, जानिए कितनी है धनराशि
सतरिख/बाराबंकी, अमृत विचार। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना युवा उद्यम विकास अभियान के तहत महत्वपूर्ण जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। लखनऊ महिला सेवा ट्रस्ट के द्वारा सतरिख मोहल्ला चौधराना स्थित केंद्र पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिला आयुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव और जिला उद्योग से आलोक सिंह ने युवाओं को योजना की विस्तृत जानकारी दी।
जिला आयुक्त ने बताया कि यह योजना 21 से 40 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए है, जो अपना स्वयं का उद्यम स्थापित करना चाहते हैं। योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त लोन बिना किसी गारंटी के दिया जाएगा। साथ ही, परियोजना लागत का 10 प्रतिशत मार्जिन मनी का भी प्रावधान किया गया है। इस योजना में आवेदन करने के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 8वीं कक्षा है। कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया सतरिख के प्रबंधक शिवम ने लोन संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की।
आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया गया है, जिसे किसी भी जनसेवा केंद्र पर या स्वयं ऑनलाइन माध्यम से पूरा किया जा सकता है। कार्यक्रम में लखनऊ महिला सेवा ट्रस्ट बाराबंकी से आयोजक हस्सान उस्मानी, नीतू देवी, शबाना सलीम और उनकी टीम उपस्थित रही। इस अवसर पर ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन भी किया गया, जो स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल थी।
यह भी पढ़ें:-बाराबंकी: मिली घरौनी, तो छलके खुशी के आंसू, राज्यपाल ने कहा- प्रॉपर्टी को लेकर होने वाले विवाद होंगे खत्म
