Kannauj में नर्सिंगहोम में प्रसूता की मौत: परिजनों ने काटा हंगामा, प्रबंधक पर लगाया लापरवाही का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज, अमृत विचार। उपचार में लापरवाही पर प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने नर्सिंगहोम के बाहर हंगामा काटा। प्रबंधक/डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया। मामले में परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है। पूछताछ के बाद जाने दिया गया।

ठठिया थाना क्षेत्र के गांव हीरापुर्वा निवासी राजेश कठेरिया पुत्र शिव नाथ ने अपनी पुत्रवधू आरती देवी को 14 जनवरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिर्वा में प्रसव पीड़ा होने पर भर्ती कराया जहां सामान्य डिलीवरी हुई। हालत खराब होने पर उसने अपनी बहू को सरायमीरा अंधामोड़ बाईपास स्थित नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। नर्सिंगहोम के प्रबंधक जो डॉक्टर भी हैं, ने 5000 रुपये प्रति दिन का चार्ज लगा कर भर्ती कर लिया। कहा कि बहू को पूरी तरह से ठीक कर घर भेजेंगे। 

18 जनवरी को सुबह करीब 5 बजे बहू की हालत बिगड़ गई। इस पर उसने डॉक्टर से कहा कि बहू की हालत खराब हो रही है। यदि कानपुर रेफर कर दो तो वह ठीक हो जायेगी। डॉक्टर और उनके स्टाफ ने एक न सुनी। इसके कुछ देर के बाद बहू ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजनों ने नर्सिंगहोम में हंगामा शुरू कर दिया। यह देख कर्मचारी इधर-उधर हो गये। हंगामा की जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने डॉक्टर/प्रबंधक को हिरासत में ले लिया। 

कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के लिये कोतवाली बुलाया गया था। जानकारी लेने के बाद जाने दिया गया। इस मामले में परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। वह आपस में सुलह कर रहे हैं। उधर प्रसूता की मौत के बाद जानकारी पर सदर ब्लाक प्रमुख रामू कठेरिया नर्सिगंहोम पहुंचे और परिजनों से बात की।

यह भी पढ़ें- Kannauj में दो तस्कर गिरफ्तार: आरोपियों के पास मिला 28 किलो गांजा, आरोपी बोले- उड़ीसा से लाकर फुटकर में बेचते थे

 

संबंधित समाचार