Mahakumbh 2025: महाकुंभ में 22 जनवरी को CM योगी की कैबिनेट बैठक, कई अहम फैसलों पर लगेगी मुहर
भास्कर दूबे, लखनऊ, अमृत विचार: प्रयागराज में योगी कैबिनेट की बैठक 22 जनवरी को सुबह 11 बजे से होगी। मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को इस बैठक में शामिल होने के लिए महाकुंभनगर में बुलाया गया है। मंत्रिमंडल के सभी सदस्य 22 जनवरी को वहां मौजूद रहेंगे। इस बैठक में प्रयागराज कुंभ और प्रदेश के अन्य जिलों के लिए महत्वपूर्ण फैसले होंगे। धार्मिक सर्किट को विकसित करने के फैसले को अमलीजामा पहनाया जाएगा।
मालूम हो कि महत्वपूर्ण पर्वों और स्थलों पर पूर्व में भी कैबिनेट के मंत्रियों के साथ वहां बैठकें कर विकास कार्यों को गति दी गई थी। प्रयागराज में संपन्न हुए अर्ध कुंभ 2019 के दौरान वहां कैबिनेट की बैठक की गई और गंगा एक्सप्रेस वे एवं बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित हुए। इसके बाद अयोध्या में 2023 में हुई योगी मंत्रिमंडल की बैठक में अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के गठन और ड्रोन नीति, मंदिर संग्रहालय के निर्माण समेत कुल 14 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई थी। मुख्यमंत्री योगी ने परंपरा से हटकर भगवान राम और हनुमान जी की तस्वीरों वाले एक बैनर के सामने खड़े होकर खुद मीडिया कर्मियों को मंत्रिमंडल की इस बैठक में मंजूर किए गए प्रस्तावों के बारे में जानकारी दी थी।
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने 14 दिसम्बर 2021 को भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता भी की थी। इसके बाद योगी सरकार की कैबिनेट बैठक 16 दिसंबर को हुई। काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के लोकार्पण के साथ ही वाराणसी में एक महीने तक कई तरह के आयोजन हुए।
