मुरादाबाद : राज्यमंत्री बोले-संभल में न्यायालय की निगरानी में हो रहा खोदाई कार्य, अखिलेश यादव को बताया झूठा
अखिलेश यादव झूठ बोलते हैं, उनका बयान गैर जिम्मेदाराना है। वह ट्वीट कर ट्वीटर नेता बनकर रह गए हैं-कपिल देव
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री कौशल विकास, उद्यमिता व व्यावसायिक शिक्षा कपिल देव अग्रवाल ने संभल में खोदाई में मंदिर, कुआं व भगवान की मूर्तियां मिलने पर कहा कि यह अच्छा है, इससे सनातन आस्था और मजबूत हो रही है। खोदाई के सवाल पर कहा कि न्यायालय की निगरानी में यह सब हो रहा है, इस पर अधिक कुछ नहीं कहना है।
प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री शनिवार को पंचायत भवन में घरौनियों के वितरण कार्यक्रम के बाद मीडिया कर्मियों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने संभल के मामले पर कहा कि यह देश दुनिया के सामने है। हकीकत सबको पता चल गई है। वहीं सनातन धर्म व उसके आस्थावानों पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर कहा कि अखिलेश यादव झूठ बोलते हैं, उनका बयान गैर जिम्मेदाराना है। वह ट्वीट कर ट्वीटर नेता बनकर रह गए हैं। जनता उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेती है। उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां देश-विदेश के करोड़ों लोग महाकुंभ में स्नान, ध्यान कर सनातन आस्था को और मजबूत कर रहे हैं। वहीं अखिलेश यादव गैर जिम्मेदाराना बयान देकर देश के संतों, शंकराचार्यों व आस्थावानों की भावनाओं को आहत कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का संबोधन सुनकर गदगद हुए लाभार्थी
भूमि रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण, ग्रामीण क्षेत्रों का सशक्तिकरण थीम पर आधारित ग्रामीण आवासीय अधिकार अभिलेखों के माध्यम से पैतृक व पुरानी संपत्तियों के दस्तावेजी अधिकार मिलने पर इसके लाभाथियों में खुशी रही। पंचायत भवन सभागार में स्वामित्व योजना के घरौनी वितरण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वर्चुअल संबोधन सुनकर स्थानीय लाभार्थी गदगद हो गए।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : स्वामित्व योजना में घर बैठे पैतृक संपत्ति-खेती का मिलेगा डिजिटल रिकॉर्ड, नहीं होगा विवाद
