मुझे माफ कर देना मां, मैंने आपसे ज्यादा किसी और से प्यार नहीं किया; उन्नाव में सुसाइड नोट लिखकर फंदे से लटका युवक...मौत
उन्नाव, अमृत विचार। मुझे माफ कर देना मां, मैंने आपसे ज्यादा किसी और से प्यार कर लिया। यह जिक्र अपने सुसाइड नोट में लिख कर एक युवक ने पेड़ पर फंदे से लटककर जान दे दी। उसे तलाश करते पहुंचा भाई शव देख बेहाल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बारासगवर थानाक्षेत्र के तलिहाई गांव निवासी सत्य प्रकाश लोधी (23) स्व. सोमनाथ गुड़गांव में एक बाइक के पार्ट्स बनाने वाली फैक्ट्री में काम करता था। बीते मंगलवार वह घर था। शुक्रवार शाम खाना खाने के बाद वह घर से निकला लेकिन, वापस नहीं लौटा। बड़ा भाई ओम प्रकाश उसे तलाशने निकला तो उसी के खेत में लगे आम के पेड़ में मफलर के फंदे से उसका शव लटका देख उसके होश उड़ गए। इसकी खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव नीचे उतरवाया। जामा तलाशी में उसकी जेब से मोबाइल और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इस नोट में उसने एक युवती और एक युवक को अपनी मौत का दोषी ठहराते हुए कहा कि उन पर उसने पांच से छह लाख रुपये खर्च किए।
रुपये वापस मांगने पर उन्होंने देने से इंकार कर दिया। मृतक तीन भाईयों ओम प्रकाश व जय प्रकाश में बीच का था। जवान बेटे की मौत पर विधवा मां ललिता देवी समेत अन्य परिजन बेहाल हैं। उसकी बहन कल्पना की शादी हो चुकी है जबकि खुशी अभी अविवाहित है। भाई ओम प्रकाश ने उसके गांव की ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग की बात कही है। उसने बताया कि तीन माह पहले युवती के पिता व भतीजे ने घर आकर धमकी दी थी।
भाई ने इन तीनों और सुसाइड नोट में लिखे दो लोगों के विरुद्ध पुलिस ने तहरीर देने की बात कही है। एसओ धर्मेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि युवक का शव फंदे से लटका मिला है। उसके पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पीएम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
