बरेली: कोरोना की उलटी गिनती शुरू!, इतने दिन बाद आएगी वैक्सीन
बरेली,अमृत विचार। जनवरी के अंत और फरवरी के प्रथम सप्ताह में कोरोना वैक्सीन आने की उम्मीद के साथ इसे लगाने के लिए माइक्रो प्लान पर भी काम शुरू हो गया है। प्रथम चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को यह वैक्सीन लगाई जाएगी। वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए जिला अस्पताल परिसर में ही कोल्ड चेन का निर्माण …
बरेली,अमृत विचार। जनवरी के अंत और फरवरी के प्रथम सप्ताह में कोरोना वैक्सीन आने की उम्मीद के साथ इसे लगाने के लिए माइक्रो प्लान पर भी काम शुरू हो गया है। प्रथम चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को यह वैक्सीन लगाई जाएगी। वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए जिला अस्पताल परिसर में ही कोल्ड चेन का निर्माण शुरू कर दिया गया है।
शासन ने स्वास्थ्य विभाग को वैक्सीन की अनुमानित आवश्यकता, सुरक्षित रखने और अस्पतालों में पहुंचाने की व्यवस्था का माइक्रोप्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। माइक्रोप्लान के मुताबिक तैयारी भी 15 दिसंबर तक पूरी करनी होगी। प्रथम चरण में यह वैक्सीन कोरोना मरीजों की देखरेख कर रहे डाक्टरों, नर्सों व अन्य कर्मचारियों तथा इस मुहिम में जुटे अधिकारियों-कर्मचारियों को लगाई जाएगी क्योंकि संक्रमण के दायरे में वे ही रहते हैं। वैक्सीन की जरूरत के हिसाब से मांग पत्र बनाया जा रहा है। साथ ही उसे सुरक्षित रखने और अस्पतालों तक पहुंचाने की व्यवस्था की तैयारी की जा रही है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह के मुताबिक, सरकारी और निजी अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को यह वैक्सीन लगाई जानी है। यह वैक्सीन एएनएम और आशाएं जगह-जगह शिविर लगाकर लगाएंगी। वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए कोल्ड चेन का निर्माण किया जा रहा है जहां डीप फ्रीजर और आईएलआर में वैक्सीन को रखा जाएगा।
ओटीपी से मिलेगा प्रमाण पत्र
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि वैक्सीन के लिए पहले मोबाइल पर संदेश भेजा जाएगा। संदेश में जहां वैक्सीन लगाई जानी होगी वहां का पता और समय लिखा होगा। वैक्सीन लगने के बाद फिर मोबाइल पर ओटीपी भेजा जाएगा। इसके बाद ही प्रमाण पत्र मिल सकेगा।
कितनों की बन चुकी है सूची
वैक्सीन के लिए अभी तक सरकारी 9032, निजी 9489 और आयुष के 3433 स्वास्थ्यकर्मियों को चिह्नित करने का कार्य पूरा किया जा चुका है।
