संभल: किशोरी को कार में बैठाकर ले गया जंगल...फिर शराब पिलाकर युवक ने किया रेप
संभल, अमृत विचार। नखासा थाना क्षेत्र में युवक शादी समारोह में शामिल होने आई गांव की ही किशोरी को उसकी मां की तबीयत खराब बताकर घर छोड़ने के बहाने कार में बैठाकर जंगल में ले गया। वहां शराब पिलाकर युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद युवक धमकी देते हुए किशोरी को कार से उसके चाचा के घर छोड़कर भाग गया। नशा उतरने पर किशोरी ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। मामले में युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक ग्रामीण की 16 वर्षीय बेटी अपनी चाची व बुआ के साथ रविवार देर शाम थाना क्षेत्र में संभल हसनपुर मार्ग पर स्थित मैरिज हाल में आयोजित रिश्तेदार युवती की शादी समारोह में शामिल होने पहुंची। शादी समारोह में गांव का एक युवक भी कार से आया था। देररात युवक ने किशोरी से कहा कि तेरे पापा का फोन आया था। कहा था कि तेरी मम्मी की अचानक तबीयत खराब हो गई है। जिसके बाद युवक कार में बैठाकर किशोरी को गांव रिठाली से हिसामपुर जा रहे मार्ग पर ले गया। आरोप है कि रास्ते में कार रोककर युवक ने किशोरी को शराब पिला दी। नशा होने पर युवक छेड़छाड़ करते हुए किशोरी को कार से लेकर गांव लखौरी जलालपुर के नजदीक स्थित नहर के पास जंगल में पहुंचा। यहां युवक ने नशे की हालत में किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म करने के बाद युवक किशोरी को लेकर उसके चाचा के घर पहुंचा और परिजनों को बताने पर किशोरी को धमकी देते हुए कार लेकर भाग गया। नशा उतरने के बाद किशोरी ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। जिसे सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। सोमवार को शाम किशोरी के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर युवक के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
ये भी पढ़ें - Sambhal News : देश में दंगे भड़काना चहाता था साठा गैंग, डी कंपनी से जुड़ा है शारिक
