Kanpur Dehat में चाचा की मौत: भतीजे ने पत्नी और बेटे के साथ मिलकर पीटा था, तीनों आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात, मंगलपुर/संदलपुर, अमृत विचार। रंजिश के चलते फिरोजापुर गांव में भतीजे ने पत्नी-बेटे के साथ मिलकर बुजुर्ग चाचा को पीटकर मरणासन्न कर दिया। परिजन गंभीर हालत में हैलट कानपुर ले गए। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पुत्रवधू ने तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

मंगलपुर थाना क्षेत्र के फिरोजापुर गांव निवासी पूजा पत्नी विष्णु कुमार ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसके ससुर राम सिंह (65) का उनके भतीजे इंदल पुत्र रामबाबू उर्फ छुटके से विवाद था। आरोप है कि मंगलवार देर रात इंदल ने अपने दोस्त प्रवेश व गौरव के साथ शराब पी। बाद में इंदल अपनी पत्नी रानी के साथ गालीगलौज करते हुए उसके घर पर आया और ससुर राम सिंह को पकड़कर राम अवतार की बगिया के समीप ले गया। 

इसी दौरान इंदल का लड़का अंकुश भी पहुंच गया। इसके बाद उक्त लोगों ने ससुर की जमकर पिटाई की। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी होने पर जब वह लोग पहुंचे तो राम सिंह मरणासन्न अवस्था में पड़े थे। उन्हें तत्काल सीएचसी हवासपुर ले जाया गया। 

जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अकबरपुर और वहां से कानपुर हैलट भेजा गया। जहां चिकित्सक ने राम सिंह को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पुत्रवधू ने इंदल, उसकी पत्नी रानी व बेटे अंकुश के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी संजय गुप्ता ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। टीम गठित कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

यह भी पढ़ें- Kanpur में बेखौफ चोर: पेट शॉप और मोबाइल की दुकान का तोड़ा ताला, पार किया हजारों का माल, खंगाले जा रहे CCTV फुटेज

 

संबंधित समाचार