पीलीभीत: लापता टॉवर कर्मचारी की हत्या...बरेली में नहर किनारे मिला शव, दो दोस्त हिरासत में

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बीसलपुर, अमृत विचार। मोबाइल टॉवर पर काम करने वाले एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। लापता होने के तीसरे दिन उसका बरेली जनपद में नहर किनारे लहूलुहान हालत में मिला। उसके हाथ-पैर भी बंधे हुए थे। गुप्तांग में भी धारदार चीज से वार करने के निशान थे। संदेह पर हिरासत में लिए गए दो दोस्तों से हुई पूछताछ के बाद पुलिस ने शव बरामद कर लिया। बरेली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, बीसलपुर पुलिस हत्याकांड के खुलासे के लिए छानबीन में जुटी रही। लापता होने के बाद पहले से चिंतित परिवार में शव मिलने के बाद चीख पुकार मची रही।

बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मीरपुर के निवासी 25 वर्षीय मुजम्मिल हुसैन पुत्र समीउद्दीन क्षेत्र के एक मोबाइल टावर पर नौकरी करते थे। 20 जनवरी की रात कार में सवार होकर मुजम्मिल घर से निकल गए। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल सका। देर रात तक वापस न आने पर परिवार वाले चिंतित हो गए। युवक की कई जगह तलाश की गई, लेकिन परिजन को उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। दूसरे दिन 21 जनवरी को लापता युवक की गुमशुदगी बीसलपुर कोतवाली में परिजन की ओर से दर्ज कराई गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सुरागरसी शुरू कर दी। मोबाइल कॉल की डिटेल निकाली गई। इसे गहनता से चेक किया गया तो पुलिस को क्षेत्र के ही रहने वाले युवक के दो दोस्तों पर शक गहरा गया। पुलिस ने दोनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।  बुधवार को पुलिस ने दोस्तों से हुई पूछताछ में मिले सुराग पर काम करते हुए बरेली जनपद के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बढ़कापुर नहर के पास से लापता मुजम्मिल का शव बरामद कर लिया। शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे। गर्दन और गुप्तांग पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान मिले। मृतक की कार भी पुलिस ने बरेली जनपद के भुता क्षेत्र से बरामद कर कब्जे में ले ली। बरेली पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, बीसलपुर पुलिस हत्याकांड की छानबीन में जुट गई है। हिरासत में लिए गए युवकों से टीमें पूछताछ करती रही। जल्न्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।

प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका, छानबीन जारी
लापता होने के तीसरे दिन  युवक का शव बरामद कर लिया गया है। उसकी निर्मम हत्या की गई है। यह बात तो शव देखकर ही पुलिस भी आकलन करती रही। इसके पीछे वजह को लेकर जांच चल रही है। वहीं, इसमें कौन-कौन शामिल रहा और किस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है।पुलिस सभी पहलुओं पर पड़ताल कर रही है। हालांकि हत्या को अंजाम देने के तरीके को लेकर प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। सर्विलांस टीम की भी मदद ली जा रही है।

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर राममय दिखा शहर

संबंधित समाचार