बदायूं: युवक ने थाने गेट पर किया आत्मदाह का प्रयास, भाभी से था रुपयों का विवाद
बोतल में डीजल लेकर आया था युवक, गेट पर अपने ऊपर डाला
इस्लामनगर, अमृत विचार। एक जनवरी को एसएसपी कार्यालय में खुद को आग लगाने वाले शहर के मोहल्ला नई सराय निवासी गुलफाम की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। जिसके बाद अब एक युवक ने रुपयों के लेनदेन को लेकर थाना गेट पर आत्मदाह का प्रयास किया। थाने के गेट पर बोतल में डीजल लेकर पहुंचा और अपने ऊपर डाल लिया। हाथ में लाइटर देखकर पुलिसकर्मी दौड़े और लाइटर छीन लिया। युवक का शांतिभंग में चालान किया गया है। युवक के अनुसार भाई की हत्या करने के बाद भाभी उसके हिस्से के रुपये नहीं दे रही है।
बुधवार दोपहर गांव अल्लैहपुर की मढ़ैया निवासी उदयवीर थाना इस्लामनगर के गेट पर एक बोतल लेकर पहुंचा। कुछ ही देर में बोतल का ढक्कन खोलकर डीजल अपने ऊपर डाल लिया और खुद को जलाने के लिए जेब से लाइटर निकाला। उसकी हरकत देखकर पुलिसकर्मी दौड़कर पहुंचे। उसके हाथ से लाइटर छीन लिया। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने उसके परिजनों को सूचना देकर बुलाया और उदयवीर से बात की। उसने बताया कि मूलरूप से जिला संभल के थाना बहजोई क्षेत्र के गांव चकरपुर निवासी उसके भाई महेश सिंह ने लगभग चार साल पहले 25 लाख रुपये की जमीन बेची थी। वह रुपये ब्याज पर उठा दिए थे। जिसके बाद अपनी ननिहाल अल्लैहपुर समसपुर की मढ़ैया में घर बनवाकर रहने लगे थे। वह गांव के बाहरी क्षेत्र में बने मकान पर रहते थे जबकि उदयवीर दूसरे मकान पर रहते थे। 23 मई की रात घर पर महेश सिंह की हत्या कर दी गई थी। पहले मामला लूटपाट का बताया गया लेकिन पुलिस ने जांच की तो महेश सिंह की पत्नी ममता के गृह कलेश के चलते हत्या करने की बात सामने आई थी। पुलिस ने ममता तो जेल भेजा था। जिसके बाद ममता के दो बच्चों का पालन पोषण उदयवीर ने किया था। जो अब जमानत पर जेल से बाहर आ गई है। उदयवीर के अनुसार ब्याज पर बांटे गए रुपयों में उसका भी हिस्सा है जबकि भाभी ममता उसके हिस्से के रुपये देना नहीं चाह रही हैं। उसने पुलिस और ग्रामीणों को अवगत कराया लेकिन हर किसी ने उसकी बात को अनसुना किया। जिसकी वजह से वह आत्मदाह करने को मजबूर हुआ। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया कि एक युवक थाने पर आकर आत्मदाह की धमकी दे रहा था। युवक को पकड़कर पूछताछ की गई। उसने अपनी भाभी से रुपयों के लेनदेन की वजह से ऐसा करने के बारे में बताया। युवक का शांतिभंग में चालान किया गया है।
