कासगंज; ससुरालियों ने विवाहिता को घर से बाहर निकाला, मासूम के साथ सोई गेट के बाहर
कासगंज, अमृत विचार: जिले की कोतवाली कासगंज क्षेत्र के गांव पहाड़पुर में एक विवाहिता को उसकी ससुराल वालों ने घर में नही घुसने दिया, तो विवाहिता अपने माता पिता के साथ ससुराल के दरवाजे पर 20 जनवरी से धरने पर बैठे हुए हैं। वहीं विवाहिता के घर के दरवाजे पर बैठने के बाद उसकी ससुराल वाले घर में ताला लगाकर फरार हो गए हैं, पुलिस इस मामले में अनजान बनी हुई है। पीड़ित खुले आसमान के नीचे मासूम बच्ची के साथ रात बिता रहे हैं।
सहावर थाना क्षेत्र के गुडगुडी निवासी कैलाश ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2021 में अपनी दो बेटी डीलेश और नीरज की शादी पहाड़पुर गांव निवासी प्रेमसिंह के बेटे संजू और हरिओम के साथ की थी। शादी में सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन एक वर्ष बाद छोटी बेटी डिलेश की 13 अप्रैल 2022 को हत्या कर दी। पिता ने ससुरालीजनों के खिलाफ हत्या का अभियोग दर्ज करा दिया।
लेकिन उनकी दूसरी बेटी नीरज को ससुराल वाले पुलिस केस करने की वजह से परेशान करने लगे। उन्होंने छोटी बेटी की वजह से केस वापस ले लिया, लेकिन अब ससुराल वाले उनकी छोटी बेटी को भी प्रताड़ित कर रहे हैं। उसे घर से बाहर निकाल दिया है और जब विवाहिता नीरज अपने परिवार वालों के साथ 19 जनवरी को अपनी ससुराल गई तो ससुराल वालों ने विवाहिता को घर में नही घुसने दिया। जिससे विवाहिता अपने पिता और परिवार के अन्य लोगों के साथ ससुराल के गेट पर ही बैठ गई।
ससुराल वाले घर में ताला लगाकर फरार हो गए। वहीं विवाहिता और उसके पिता और परिवार के अन्य लोग 19 जनवरी से ही विवाहिता की ससुराल के दरवाजे पर धरना देने को मजबूर हैं। पीड़िता विवाहिता का पिता कैलाश अपनी नम आँखों से पुलिस प्रशासन से विवाहिता की मदद करने के लिए गिड़गिड़ा रहा है, लेकिन पुलिस प्रशासन मामले में कोई ठोस कार्यवाई नही कर रहा है। पीड़ित के प्रार्थना पत्र थाने में देने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
पहाड़पुर गांव में एक विवाहिता को उसके ससुरालीजनों ने निकाल कर बाहर कर दिया। वह अपने मायके वालों के साथ धरने पर बैठ गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई ससुरालीजन नहीं मिला है। पीडित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी- लोकेश भाटी, इंस्पेक्टर, कासगंज।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: गन्ना भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर, चालक की मौत
