पीलीभीत: पहले कुकर्म किया फिर बदनाम कर रहा था मुजम्मिल...इसलिए गुप्तांग काटा और हत्या कर दी
बीसलपुर, अमृत विचार। घर से निकलने के बाद लापता हुए टावर कर्मचारी की हत्या उसके ही दोस्त ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर की थी। आए दिन खुद के साथ कुकर्म किए जाने और फिर सार्वजनिक तौर पर मृतक द्वारा की जा रही बदनामी करने से आहत होकर घटना को प्लानिंग के तहत अंजाम दिया गया। हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों से पुलिस ने पूछताछ की और खुलासे तक पहुंच गई। हत्या में इस्तेमाल ब्लेड, गमछा भी बरामद कर लिया गया। दोनों आरोपियों को चालान कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।
बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मीरपुर वाहनपुर के निवासी मुजम्मिल हुसैन पुत्र शमशुद्दीन एक टावर पर नौकरी करते थे। 20 जनवरी वह घर से कार लेकर निकले और लापता हो गए थे। दूसरे दिन 21 जनवरी को भाई मुजम्मिल हुसैन ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। लापता से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र के ही एक गांव के रहने वाले दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसके बाद उनकी निशानदेही पर बुधवार को मुजम्मिल हुसैन का शव बरेली जनपद में इज्जतनगर थाना क्षेत्र में बरकापुर नहर के किनारे झाड़ियों से बरामद कर लिया था। बरेली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन के सुपुर्द कर दिया था। इधर, पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ गई तो हत्या की वजह सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। मुख्य आरोपी के साथ मृतक कई बार कुकर्म कर चुका था। इसके अलावा अन्य लोगों संग भी संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। इसी से परेशान होकर मुख्य आरोपी ने अपने गांव के ही दूसरे साथी संग मिलकर योजना बनाई और हत्याकांड को अंजाम दे डाला। पुलिस ने मृतक की कार के साथ ही हत्या में इस्तेमाल अंगोछा, ब्लेड भी बरामद कर लिया है। दोनों हत्यारोपियों को जेल भेज दिया है।
इस तरह हुई पूरे मामले की शुरुआत
पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों से हत्या की वजह को लेकर जब गहनता से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी ने मुजम्मिल से वर्ष 2020 में सात हजार रुपये उधार लिए थे। जिनको वह वापस नहीं कर सका था। इसके बदले में पुलिस की मानें तो मुजम्मिल ने मुख्य आरोपी के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद कई बार अलग- अलग जगह ले जाकर संबंध बनाए। जब मुख्य आरोपी ऐसा करने का विरोध करता था तो मृतक धमकाता था। कहना था कि उस बदनाम कर देगा।
दोस्तों संग भी संबंध का बना रहा था दबाव
इतना ही नहीं कुछ दिनों से मृतक मुख्य आरोपी पर अपने अन्य परिचितों संग भी शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा था। मुख्य आरोपी की इसे लेकर बदनामी शुरू कर दी थी। इसी से आहत होकर मुख्य आरोपी ने हत्या की प्लानिंग कर ली। अपने गांव के ही दूसरे आरोपी को साथ मिलाया। फिर दोनों योजनाबद्ध तरीके से मुजम्मिल को उसकी ही गाड़ी से बुलाकर इज्जतनगर क्षेत्र में ले गए। वहां पर ब्लेड से गले पर वार किए और अंडकोष को काटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को झाड़ियों में फेंका और कार को नहर के पास भट्टे पर खड़ा करके आ गए थे।
सीओ बीसलपुर डॉ.प्रतीक दहिया ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मुख्य आरोपी का कहना है कि मृतक उसके साथ कई बार कुकर्म कर चुका था। इसी को लेकर उसने अपने साथी संग मिलकर उसने हत्या की थी। सभी बिंदुओं पर विवेचना चल रही है, सख्त कार्रवाई की जाएगी।
