कासगंज: फिरोजपुर में गंदगी से पटा तालाब, ग्रामीणों को सता रहा संक्रामक रोगों का खतरा
कासगंज, अमृत विचार। ढोलना क्षेत्र के गांव फिरोजपुर के तालाब में पानी नहीं गदंगी के ढेर नजर आते हैं। जिससे यहां से गुजरने पर लोगों को परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि गंदगी के कारण गांव में संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बनी रहती है। तालाब में गदंगी के ढेर और घास व झाड़िया उग आई हैं, जिससे तालाब ही प्रतीत नहीं होता है। ग्रामीणों ने तालाब की सफाई कराकर इसमें पानी की व्यवस्था कराए जाने की मांग जिलाधिकारी से की है। जिससे जानवारों को और पशु पक्षियों को पानी मिल सके। वहीं सौंदर्यीकरण कराए जाने की मांग की है।
गांव में रहने वाले वीरेंद्र सिंह भगत ने बताया कि गांव में तालाब है, लेकिन तालाब में पानी न होने के कारण इसका लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। वहीं पशु पक्षी भी गर्मियों में पानी के लिए परेशान रहते हैं। कलावती देवी के मुताबिक गांव के तालाब में गदंगी के ढेर हैं। जिससे वहां से गुजरने पर दुर्गंध आती है। तालाब की साफ सफाई कराए जाने के बाद इसमें पानी की व्यवस्था की जाए। पूरन देवी ने बताया कि तालाब में गदंगी के ढेर और झाड़ियां उग आने के कारण मच्छर पनपते हैं। जिस कारण संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका हर समय बनी रहती है। वहीं गांव के ही गोविंद कुमार ने बताया कि गांव के तालाब में सफाई कराकर इसका सौंदर्यीकरण कराया जाना चाहिए। जिससे यहां आने वाले लोगों को गदंगी के ढेर न देखने को मिले।
