लखीमपुर खीरी: मारूती वैन व ई रिक्शा की जोरदार टक्कर, चपेट में आए दो बाइक सवारों की मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

निघासन, अमृत विचार। ढखेरवा-शारदानगर मार्ग पर शुक्रवार की शाम मारुती वैन और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दौरान मारूती वैन की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि मारुती वैन सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर तीनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

गांव पठानपुरवा निवासी नसीम पुत्र सद्वीक मारुति वैन से लखीमपुर जा रहा था। ढखेरवा बाईपास के निकट एक ई-रिक्शा से मारुती वैन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दौरान बाइक से गुजर रहे गांव मल्लबेहड़ निवासी प्रेम शंकर पुत्र हरिकिशन लाल व मनोहर लाल पुत्र राजेश मारुति वैन की चपेट में आ गए। हादसे में बाइक सवार प्रेम शंकर  (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनोहर लाल (65) अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। मारुति वैन सवार नसीम पुत्र सद्वीक, हबीबुल पुत्र छेददा व अलविन पुत्र हबीबुल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल तीनों युवकों को सीएचसी रमियाबेहड़ भेजा, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर किया है। हादसे में दो युवकों की मौत से उनके परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

बाइक सवार महिला की ट्रक से कुचलकर मौत
गोला गोकर्णनाथ स्थित लखीमपुर रोड पर कोटवारा मोड पर हुई सड़क दुर्घटना में बाइक पर पति के साथ जा रही महिला की ट्रक की चपेट में आने पर मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गया। पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम नयागांव निवासी रामाधार ने बताया कि उनका छोटा भाई बलराम अपनी पत्नी सरिता (35) के साथ बाइक से हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव मूडा अस्सी अपनी ससुराल जा रहा था। शुक्रवार की दोपहर लखीमपुर रोड पर कोटवारा मोड़ के पास मुड़ते समय बाइक पर ट्रक चढ़ गया, जिससे ट्रक से कुचलकर सरिता की घटनास्थल पर ही दर्दनक मौत हो गई। घटना में बाइक चला रहा बलराम भी गंभीर घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला।

ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: गन्ने में लगी आग बुझाते समय जिंदा जला किसान 

संबंधित समाचार