मुरादाबाद: गोकशी करने वालों की पुलिस से मुठभेड़, चार को लगी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार : शुक्रवार की रात पुलिस ने गोकशी व गो तस्करी करने वाले बदमाशों को चारों तरफ से घेर लिया। बदमाशों ने बचाव के लिए पुलिस पर हमला किया तो पुलिस की जवाबी फायरिंग में चार बदमाश जख्मी हो गए है। मुठभेड़ सिविल लाइंस थाने के चट्टा पुल और भोजपुर थाने के अवक्करपुर के जंगलों में हुई है। चारों घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिविल लाइंस पुलिस को इस्लामनगर मार्ग पर चट्टा पुल के समीप खेतों में गोकशी करने की सूचना मिली थी। पुलिस रात करीब पौने नौ बजे मौके पर पहुंची तो देखा कि पांच-छह बदमाश छोटे वाहन के साथ गोकशी कर रहे हैं। पुलिस को देखकर बदमाश घबरा गए और भागने लगे। पुलिस ने रुकने को कहते हुए बदमाशों की तरफ दौड़ लगाई तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। 

बदमाशों के फायर करने से पुलिस ने बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश जख्मी होकर गिर पड़े जबकि बाकी बदमाश भाग निकले। पुलिस ने तत्काल नगर कंट्रोलरूम पर सूचना प्रसारित करके भोजपुर व अगवानपुर पुलिस के साथ जिले की पुलिस को सतर्क कर दिया। गोली लगने से जख्मी बदमाशों को वाहन से जिला अस्पताल लाया गया। घायल बदमाशों में जीशान पुत्र आशक व यामीन पुत्र शब्बीर निवासी गांव गजरौला थाना भोजपुर बताया गया है।

दूसरी तरफ भोजपुर पुलिस ने रामगंगा के किनारे गश्त करते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। इस बीच पुलिस को सूचना मिली की कुछ बदमाशों को अवक्करपुर की तरफ भागते हुए देखा गया। पुलिस ने जंगल में कांबिंग की तो दो बदमाश खेतों में दिखाई दिए। पुलिस के मुताबिक बदमाशों को रोकने की कोशिश की गई तो उन्होंने तमंचे से फायर कर दिया जिसपर पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल होकर खेत में गिर पड़े। 

पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भोजपुर पुलिस के साथ मुठभेड़ में जख्मी हुए मुरसलीन पुत्र मुख्तियार और हसनैन पुत्र हसन भोजपुर कस्बे के रहने वाले हैं। थाना प्रभारी भोजपुर ने बताया कि कंट्रोलरूम से सूचना मिलने पर वह पुलिस बल के साथ सक्रिय हुए थे। उन्हें अवक्करपुर में तीन बदमाश दिए थे। बदमाशों के गोली चलाने से उनकी टीम बाल-बाल बची है। पुलिस फायरिंग में दो बदमाश जख्मी हो गए हैं जबकि एक बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला है। पुलिस बदमाश को तलाश कर रही है।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: गन्ने की चल रही थी छिलाई...तभी खेत में रहस्यमयी सुरंग मिलने से मचा हड़कंप 

संबंधित समाचार