मुरादाबाद : विवाहिता की हत्या, शव को अस्पताल में छोड़कर भागे ससुराल वाले...रिपोर्ट दर्ज
पति के साथ माता-पिता व भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, सम्भल की रुबी की ढाई वर्ष पहले हुई थी नीलकमल से शादी...दहेज में एक लाख रुपये व जमीन नाम कराने का बना रहे थे दबाव
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग शव को जिला अस्पताल में छोड़कर भाग निकले। मध्यस्थ की सूचना पर आए युवती के पिता ने दहेज के लिए उत्पीड़न करने की जानकारी देते हुए ससुराल वालों पर हत्या करने आरोप लगाया है। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दे दी है।
मझोला थाना क्षेत्र के भोला सिंह की मिलक निवासी रूबी (30) को लेकर कुछ लोग दोपहर करीब दो बजे जिला अस्पताल आए थे। चिकित्सक ने परीक्षण के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया और शव को मोर्चरी में रखवा दिया। इस दौरान रूबी के ससुराल वाले अस्पताल से भाग निकले। अस्पताल की सूचना पर आई पुलिस रूबी की जानकारी एकत्र करने के लिए परेशान होती रही। दोपहर करीब चार बजे रुबी के मायके वाले अस्पताल पहुंचे। रूबी के पिता फूल सिंह निवासी अतौरी, सम्भल ने बताया कि रूबी का विवाह ढाई वर्ष पहले भोला सिंह की मिलक निवासी नीलकमल से हुआ था।
उन्होंने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि विवाह के बाद नीलकमल और परिजन उससे पैसों की डिमांड कर रहे हैं। उसकी दूसरी पुत्री का विवाह 20 फरवरी को तय हुआ है। इसकी जानकारी होने पर रूबी के हिस्से की जमीन नीलकमल के नाम करने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। सुबह रुबी ने फोन पर लगातार उत्पीड़न करने की जानकारी भी दी थी। उन्होंने बताया कि विवाह कराने में मध्यस्थ रहे इंद्रपाल ने उन्हें फोन करके सूचना दी थी। थाना प्रभारी मझोला ने बताया कि पिता की तहरीर पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। हत्या के लिए नीलकमल के साथ उसके माता-पिता व भाई को नामजद किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपी मौके से फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया
ग्राम प्रधान से झड़प, धक्के देकर भगाया
रूबी की मौत की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल की मोर्चरी पर भोला सिंह की मिलक के प्रधान रमेश कुमार भी पहुंच गए थे। इस दौरान रुबी के मायके वाले भी पहुंच चुके थे और मौत से गम और गुस्सा भी था। इस बीच रूबी के मायके वाले प्रधान से भिड़ गए, उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधान लगातार उनकी कार्रवाई की जानकारी रुबी की ससुराल वालों को दे रहा है। नोकझोंक के बाद रुबी के परिजन ने प्रधान के साथ धक्का-मुक्की तथा मारपीट पर उतारू हो गए। वह प्रधान को धक्के देकर मौके से खदेड़ने लगे तो प्रधान ने दौड़ लगा दी। बताया जाता है कि लोगों ने उसका काफी देर पीछा भी किया। ग्राम प्रधान का कहना है कि वह गांव में हुई घटना के कारण आया था, युवती के परिजन बेवजह ही उससे उलझ गए थे।
ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : महिला अधिवक्ता से छेड़खानी, अश्लील इशारों का विरोध करने पर पीटा...6 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
