दिल्ली हाफ मैराथन के इवेंट एम्बेसडर बने अभिनव बिंद्रा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारत के एकमात्र व्यक्तिगत ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा को 29 नवम्बर को राजधानी के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से होने वाली एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन के 16वें संस्करण का इवेंट एम्बेसडर बनाया गया है। दिल्ली हाफ मैराथन के प्रमोटर प्रोकैम इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक अनिल सिंह ने गुरूवार को यह घोषणा …

नई दिल्ली। भारत के एकमात्र व्यक्तिगत ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा को 29 नवम्बर को राजधानी के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से होने वाली एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन के 16वें संस्करण का इवेंट एम्बेसडर बनाया गया है।

दिल्ली हाफ मैराथन के प्रमोटर प्रोकैम इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक अनिल सिंह ने गुरूवार को यह घोषणा की। बिंद्रा भारत के एकमात्र व्यक्तिगत ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता हैं। देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न विजेता बिंद्रा ने 2008 के बीजिंग ओलम्पिक में 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास बनाया था।

बिंद्रा ने दिल्ली हाफ मैराथन से जुड़ाव पर कहा,“आज यह रेस युवा से लेकर बुजर्ग लोगों को दौड़ और फिटनेस के लिए प्रेरित करती है। इस वर्ष की चुनौतियों के बावजूद देश भर से लोगों के पास इस इवेंट से जुड़ने का मौका रहेगा। वे दिल्ली हाफ मैराथन मोबाइल एप के जरिये इस मैराथन से जुड़ सकते हैं।”

दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बावजूद दिल्ली हाफ मैराथन का आयोजन 29 नवम्बर को होगा लेकिन इस बार इस प्रतिष्ठित आयोजन में सिर्फ एलीट अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय एथलीटों की भागीदारी रहेगी। इस रेस के लिए अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय एथलीटों की घोषणा कर दी गयी है।

जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर नेहरू स्टेडियम पर समाप्त होने वाली इस रेस में कुल 60 अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय एलीट धावकों की भागीदारी रहेगी। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों में कोरोना के मामले लगातार बढ़े हैं लेकिन आयोजक इस प्रतिष्ठित वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेवल रोड रेस को सुरक्षा के सभी मापदंडों और सरकार के दिशा- निर्देशों का पालन करते हुए जैव सुरक्षा वातावरण में कराने के लिए तैयार हैं। इस बार रेस को लंदन मैराथन की तर्ज पर आयोजित किया जाएगा जिसमें सिर्फ एलीट एथलीट दौड़े थे।

दिल्ली हाफ मैराथन में इस बार भीड़-भाड़ नहीं होगी और आम लोगों को रेस से दूर रखा जाएगा। पूरा आयोजन बायो बबल (जैव सुरक्षा वातावरण) में होगा। इसमें सिर्फ एलीट अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय एथलीटों की भागीदारी रहेगी जो बायो बबल में रहेंगे।

संबंधित समाचार