बलरामपुर अस्पताल में हंगामा : तीमारदार और भूतपूर्व सैनिक सुरक्षा गार्ड के बीच चले लात-घूंसे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार : बलरामपुर अस्पताल के एसएसबी ब्लॉक में प्रवेश से रोके जाने से नाराज तीमारदार और भूतपूर्व सैनिक सुरक्षा गार्ड के बीच मारपीट हो गई। धक्का लगने से गिरे गार्ड के पैर की हड्डी टूट गई। बीच बचाव करने पहुंचे दूसरे गार्ड का तीमारदार ने डंडे से वार करके सिर फोड़ दिया। अस्पताल में हुई घटना से वहां पर अफरा-तफरी मच गई। स्टॉफ ने दोनों घायल गार्डों को इमरजेंसी ले गए। वहां पर इलाज बाद दोनों को भर्ती किया गया। जहां से एक गार्ड को परिजन कमांड हाॅस्पिटल लेकर चले गए हैं। अस्पताल प्रशासन ने मुकदमा दर्ज किए जाने के लिए संस्तुति दी है।

बलरामपुर अस्पताल के एसएसबी ब्लॉक में तीमारदार दीपक के पिता भर्ती हैं। 26 जनवरी की शाम को वह वार्ड में जा रहा था। गेट पर मौजूद भूतपूर्व सैनिक सुरक्षा गार्ड देवेंद्र सिंह ने तीमारदार को रोक लिया। इसे लेकर पहले दोनों में कहासुनी हुई। बात बढ़ने पर सुरक्षा गार्ड ने तीमारदार को धक्का दे दिया। इससे नाराज तीमारदार ने गार्ड को पीट दिया। धक्का लगने से गार्ड का पैर फिसलने से टूट गया। यह देख दूसरा गार्ड डंडा लेकर दौड़ा और तीमारदार की पिटाई कर दी। तीमारदार ने गार्ड से डंडा छीनकर उसके सिर पर मार दिया। इससे उसका सिर फट गया।

दोनों गार्ड के जख्मी होने पर आनन-फानन में उन्हें इमरजेंसी ले जाया गया। एक गार्ड को प्राथमिक इलाज बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि दूसरे गार्ड को उसके तीमारदार ने कमांड हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी तीमारदार को हिरासत में ले लिया। अस्पताल निदेशक डॉ. सुशील के मुताबिक, अस्पताल परिसर में मारपीट की घटना होने को लेकर पुलिस को पत्र भेजा गया है।

यह भी पढ़ें- Lucknow News : मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी की मां का पर्स चोरी, खाते से निकले 1 लाख रुपये

 

संबंधित समाचार