मुरादाबाद : लालबाग के मां संतोषी व भोलेनाथ मंदिर में चोरी, श्रद्धालुओं में गुस्सा
हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने उठाई तत्काल गिरफ्तारी की मांग, पुलिस ने रामगंगा किनारे से बरामद किया चोरी किया सामान
मुरादाबाद। महानगर के लालबाग के प्रसिद्ध संतोषी माता मंदिर व भोलेनाथ मंदिर में धार्मिक सामान की चोरी हो गई। सुबह चोरी की जानकारी होने से भक्तों में नाराजगी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोपहर में पुलिस ने चोरी गए सामान को बरामद कर लिया।
मुगलपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात लालबाग स्थित प्राचीन संतोषी माता मंदिर के ताले तोड़कर कर चोर मंदिर में घुसे और इत्मीनान से सामान चोरी कर लिया। पुजारी राजीव शर्मा ने बताया कि चोरों ने गर्भगृह का ताला तोड़ दिया। चोरों ने सभी सामान इधर-उधर बिखेर दिया और माता की पोशाक भी उतार दी थी। चोरों ने परिसर के अंदर माता संतोषी और भोलेनाथ के मंदिर को निशाना बनाया है। चोर माता की सोने की नथ, पीतल का त्रिशूल, विभिन्न स्थानों पर लगे पांच पीतल के घंटे चोरी करके ले गए हैं। इसके अलावा चोरों ने दूसरे मंदिर से छोटी घंटियां, पूजा की थाली तथा बराबर के मंदिर में स्थित पीतल का त्रिशूल भी चोरी कर लिया है। यहां पीतल का त्रिशूल उखड़ा नहीं तो चोरों ने उसे नीचे से काटकर चुरा ले गए।
चोरी की सूचना पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी एकत्र हो गए। उन्होंने चोरी करने वालों की तत्काल गिरफ्तारी और चोरी के सामान को बरामद करने की मांग की। मुगलपुरा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मंदिर परिसर की जांच करने के बाद आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मंदिर में चोरी किया गया सामान काली माता मंदिर के पीछे छिपाया गया है। पुलिस ने पुजारी राजीव शर्मा आदि के साथ रामगंगा के खादर में तलाश किया तो सभी सामान जमीन में दबा हुआ मिल गया। मुगलपुरा थाना प्रभारी कुलदीप तोमर ने लोगों को आश्वस्त किया कि चोरों की तलाश की जा रही है जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
कटघर क्षेत्र में दो घरों में चोरी
थाना कटघर क्षेत्र के पीतल नगरी में चोरों ने मकान का ताला तोड़कर आभूषणों के साथ कीमती सामान चोरी कर लिया है। बताया जाता है कि पीतल नगरी के मयंक पांडेय 26 जनवरी की रात विवाह समारोह में चंदौसी गए थे। सुबह उन्हें पड़ोसी ने बताया कि मकान के ताले टूटे हुए हैं। परिवार घर आया तो सामान बिखरा पड़ा था। मयंक पांडे ने बताया कि चोर 15 हजार कैश, 20 चांदी के सिक्के समेत चांदी का अन्य सामान, एलसीडी समेत इलेक्ट्रिक सामान और कपड़े चोरी करके ले गए हैं। कटघर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा कटघर थाना क्षेत्र के पंडित नगला साहिबाबाद निवासी अनवर उर्रहमान के घर माता के साथ मारपीट करके कीमती सामान चोरी कर लिया गया। उन्होंने मां से मारपीट करने व सामान चोरी करने के लिए सलमान पुत्र सरवर समेत सरफराज निवासी यूसुफ कालोनी, तहसील स्कूल निवासी वकार यूनुस व भूड़ा चौराहा निवासी तोफीक उर्रहमान के खिलाफ रिपोर्ट कराई है।
ये भी पढे़ं : Moradabad : नलकूप बनने से 35 साल बाद लौटी किसानों के चेहरों पर मुस्कुराहट, बोले-सिंचाई की समस्या होगी दूर
