बरेली: राजकीय इंटर कालेजों की कक्षाएं भी बनेंगी ‘स्मार्ट’, इतने रूपये होंगे खर्च
बरेली,अमृत विचार। राजकीय इंटर कॉलेजों के बच्चे भी अब स्मार्ट तरीके से पढ़ाई कर सकेंगे। उन्हें टेलीविजन या प्रोजेक्टर पर विषयों से संबंधित वीडियो दिखाकर पढ़ने के लिये प्रेरित करने के लिये कार्ययोजना बनायी गयी है। प्राथमिक स्कूलों की हालत सुधारने के बाद जिलाधिकारी नितीश कुमार ने अब 51 राजकीय इंटर कॉलेजों में स्मार्ट कक्षाएं …
बरेली,अमृत विचार। राजकीय इंटर कॉलेजों के बच्चे भी अब स्मार्ट तरीके से पढ़ाई कर सकेंगे। उन्हें टेलीविजन या प्रोजेक्टर पर विषयों से संबंधित वीडियो दिखाकर पढ़ने के लिये प्रेरित करने के लिये कार्ययोजना बनायी गयी है। प्राथमिक स्कूलों की हालत सुधारने के बाद जिलाधिकारी नितीश कुमार ने अब 51 राजकीय इंटर कॉलेजों में स्मार्ट कक्षाएं लगवाने की कार्ययोजना बनायी है।
प्रत्येक स्कूल में एक या दो कक्षाओं में स्मार्ट टेलीविजन या प्रोजेक्टर लगाए जाएंगे। इसके लिये करीब 20 लाख रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। प्राइवेट इंटर कॉलेजों की तर्ज पर छात्र-छात्राओं को स्मार्ट कक्षा में टेलीविजन पर पढ़ाने के लिये यह पहल की जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि बरेली जनपद के राजकीय इंटर कॉलेजों में उस तरह की स्मार्ट कक्षाएं नहीं बनी हैं, जैसी बच्चे इंटरनेट या प्राइवेट स्कूलों में देखते हैं। स्मार्ट कक्षाएं बनवाने की कार्ययोजना तैयार कर ली है। बजट भी जुटा लिया है। स्कूलों में स्मार्ट टेलीविजन या प्रोजेक्टर लगवाएं, इसको लेकर डीएम ने अधिकारियों की भी राय ली है। जिला सूचना विज्ञान केंद्र के अधिकारी को टेलीविजन और प्रोजेक्टर के रेट लेकर तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिये हैं।
डीएम ने बताया कि जनपद में 53 इंटर कॉलेज हैं। 51 स्कूलों में स्मार्ट कक्षाएं बनवाएंगे। प्रोजेक्टर लगाएं या टेलीविजन, यह स्थिति स्पष्ट होने के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कराएंगे। योजना से संबंधित रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
नगर निगम क्षेत्र के स्कूलों में स्मार्ट सिटी से बनेंगी स्मार्ट कक्षाएं
जिलाधिकारी ने बताया कि स्मार्ट सिटी के एबीडी एरिया और नगर निगम सीमा के नॉन एबीडी एरिया के राजकीय इंटर कॉलेजों में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत स्मार्ट कक्षाएं बनवायी जाएंगी। इस संबंध में नगर आयुक्त, मेयर से भी बात कर चुके हैं। नगर आयुक्त ने स्कूलों का कायाकल्प भी स्मार्ट सिटी के तहत कराने की बात कही है।
