शाहजहांपुर: किसान यूनियन के आंदोलन को अब बेसिक शिक्षा संघ का मिला साथ
शाहजहांपुर, अमृत विचार। किसानों की विभिन्न समस्याओं का निस्तारण नहीं होने और पुलिस से संबंधित शिकायतों को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के कार्यकर्ताओं का धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। गुरुवार को बेसिक विद्यालय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मनोज यादव ने धरना स्थल पर पहुंचकर भाकियू जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह यादव को समर्थन पत्र सौंपा।
खिरनी बाग स्थित रामलीला मैदान में चल रहे भाकियू के धरनास्थल पर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष ने कहा कि वह किसानों के हितों की मांगों को लेकर चलाए जा रहे धरना प्रदर्शन का समर्थन करते हैं। इसके साथ ही भाकियू के मांग पत्र में शिक्षकों ने भी अपनी मांगों को शामिल किया। जिसमें कहा गया है कि बच्चों के कक्षा परिवर्तन संबंधी प्रतिबंध, बच्चों व माता-पिता के नाम संशोधन संबंधी प्रतिबंध, जन्मतिथि संशोधन संबंधित प्रतिबंधों को समाप्त किया जाए, ताकि विद्यालय स्तर पर बच्चों की अपार-आईडी व यू-डाईस संबंधी कार्यो को समय से पूर्ण किया जा सके। समर्थन पत्र सौंपने के दौरान राजेश शर्मा, आसिफ अली मंसूरी, राकेश यादव, वीरबहादुर मिश्रा, रूप कमल यादव आदि लोग मौजूद रहे। वहीं भाकियू जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रशासन किसान के धैर्य की परीक्षा न लें, नहीं तो भाकियू बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि किसान तभी शांत बैठेंगे जब समस्याओं का निस्तारण हो जाएगा, नहीं तो जेल भरो आंदोलन तक किया जाएगा। धरना प्रदर्शन के दौरान सोनपाल सिंह, रघुवीर सिंह, रामजी शर्मा, हेतराम राजपूत, सतेंद्र कुमार सिंह, कौशल सिंह, आलोक मिश्रा, संतोष सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: तबाह सड़कों के जख्मों पर लगा रहे घटिया मरहम
