कानपुर में फंदे पर लटका मिला सिग्नल टेस्टिंग इंचार्ज की पत्नी का शव, हत्या का आरोप: जुलाई 2014 में हुई थी शादी...
हनुमंत विहार थानाक्षेत्र की घटना

कानपुर, अमृत विचार। हनुमंत विहार थानाक्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे में सिग्नल टेस्टिंग इंचार्ज की पत्नी का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने आनन-फानन शव को फंदे से उतारा और हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मायके पक्ष का आरोप है, कि ससुरालीजनों ने सूचना दी। इसके बाद उन लोगों के पहुंचने पर वह लोग शव छोड़कर भाग निकले। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। महिला के भाई ने बहन को दहेज में प्लॉट और कार के लिए प्रताड़ना कर हत्या करके शव को फांसी में लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।
गुजैनी के बनपुरवा निवासी ऑर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त सत्यनारायण सिंह ने अपनी बेटी 29 वर्षीय प्रियंका यादव की शादी 9 जुलाई 2024 को योगेंद्र विहार खाड़ेपुर निवासी सेवानिवृत्त दरोगा श्याम बाबू यादव के पुत्र राहुल यादव से की थी। राहुल बीटेक करने के बाद एक आस्ट्रेलियन कंपनी में रेलवे का सिग्नल टेस्टिंग इंचार्ज है। प्रियंका की मां विद्यावती का पहले देहांत हो चुका है। वहीं परिवार में बड़ी बहन आशा, प्रीती, प्रभा और वह चौथी नंबर की थी। वहीं इकलौता भाई आशीष है।
पिता सत्यनारायण और भाई आशीष ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही प्रियंका के ससुरालीजन अतिरिक्त रुपयों की मांग कर रहे थे। कई बार बैठकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया लेकिन वह लोग कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। पिता और भाई ने आरोप लगाया कि जिस कमरे में प्रियंका का फांसी के फंदे से शव लटकता मिला। उस कमरे में पति राहुल यादव सो रहा था।
भाई का आरोप है, कि प्रियंका घटना को अंजाम अगर दे रही थी तो राहुल को कतई भनक ही नहीं लगी। आरोप है, कि पंखे की ऊंचाई इतनी ऊपर थी कि वहां तक पहुंचना आसान नहीं था। पिता और भाई का आरोप है, कि वह लोग छह माह की शादी में लगातार दहेज में एक प्लॉट और कार की मांग कर रहे थे। आरोप है, कि ससुरालीजनों ने कहा था कि यदि दहेज की मांग नहीं पूरी हुई तो निश्चित हत्या कर दूसरी शादी करा देंगे।
भाई और पिता ने आरोप लगाया कि वह लोग सो रहे थे, तभी शुक्रवार 4.30 बजे प्रियंका के ससुर श्यामबाबू ने फांसी लगाने की सूचना देकर हैलट बुलाया। ये सुनकर वह लोग तुरंत वहां पहुंचने के लिए निकल पड़े। आरोप लगाया कि उनके पहुंचते ससुरालीजन भाग निकले। पुलिस घटना की जांच कर रही है। इस संबंध में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। वहीं हनुमंत विहार थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह के अनुसार परिजनों ने तहरीर दी है, लगाए जा रहे आरोपों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- कानपुर मंडल के लाल गुरदीप खन्नी ने उत्तराखंड में नाम किया रोशन: राजस्थान को हराकर उत्तर प्रदेश की टीम ने कांस्य पदक