नोएडा में LPG संकट पर लोगों का गुस्सा: एजेंसियों पर लंबी लाइन, मेट्रो स्टेशन के पास लगाया जाम
नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर में बढ़ती घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से नाराज लोगों का गुस्सा गुरुवार को सड़कों पर फूट पड़ा और सेक्टर 18 मेट्रो स्टेशन के पास सड़क पर जोरदार प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कई दिनों से गैस एजेंसियों पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहे हैं, जिससे घरों में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि जहां एक ओर एजेंसियों पर सिलेंडर की कमी बताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर खुलेआम कालाबाजारी की जा रही है और ज्यादा कीमत लेकर सिलेंडर बेचे जा रहे हैं।
गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज लोग बड़ी संख्या में नोएडा सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन के पास इकट्ठा हो गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अचानक लगे जाम से आसपास के इलाके में यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों की मनमानी के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों को संबंधित विभाग तक पहुंचाया जाएगा और जल्द समाधान कराने की कोशिश की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में गैस सिलेंडर की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है।
कई गैस एजेंसियों पर लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग की कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाई जाए और पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं।
लोगों का कहना है कि यदि जल्द स्थिति नहीं सुधरी तो विरोध प्रदर्शन और तेज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति को संभालने में जुटा हुआ है और जाम खुलवाकर यातायात को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
