Uttrakhand: सदन में गूंजा एलपीजी मामला...विपक्ष ने किया जोरदार हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुख्य संवाददाता, देहरादून। भराड़ीसैंण विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन की कार्यवाही के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। सूचना के तहत नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की तरफ से एलपीजी सिलेंडरों को लेकर चले रहे गतिरोध को लेकर सवाल पूछा गया। 

संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल की तरफ से कहा गया कि यह सेंट्रल सब्जेक्ट है तो इस जवाब के बाद विपक्षी सदस्यों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। नेता प्रतिपक्ष ने सवाल किया कि यह आम जनता से जुड़ा मामला है। जब पीठ का विनिश्चय आ चुका है तो सरकार बिना चर्चा किए और सवाल पूछे ही इसे केंद्र सरकार का विषय बताकर जवाब देने से बच रही है। 

पीठ का भी सम्मान नहीं किया जा रहा है। विपक्षी सदस्यों ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। स्टेट में कालाबाजारी रोकने और व्यवस्थाओं को सुचारू चलाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है।

इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री की तरफ से कहा गया कि वे पहले भी बयान दे चुके हैं कि घरेलू सिलेंडर पर कोई रोक नहीं है केवल कॉमर्शियल पर रोक है। सरकार इससे निपटने के लिए जलौनी लकड़ी समेत सभी वैकल्पिक इंतजाम कर रही है। 

यह भारत सरकार का विषय है। हम स्थिति पर पूरी तरह से नजर रखे हुए हैं लेकिन विपक्ष उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ और इस मामले में चर्चा कराने और सरकार से जवाब देने की मांग पर अड़ा रहा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा की तरफ से कहा गया कि सेंट्रल के सब्जेक्ट को स्टेट में डिस्कस नहीं किया जा सकता है। सरकार आश्वस्त कर रही है कि कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी। जमकर हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने सदन को 30 मिनट के लिए स्थगित कर दिया।

संबंधित समाचार