Uttrakhand: कैंची धाम पहुंचे बॉलीवुड गायक विशाल मिश्रा, बाबा का आशीर्वाद लिया

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

नैनीताल, अमृत विचार। बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीत निर्देशक व गायक विशाल मिश्रा ने गुरुवार को कैंची धाम में बाबा नीब करौरी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने बाबा के प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए मंदिर में पूजा-अर्चना की और कुछ समय आध्यात्मिक वातावरण में बिताया।

विशाल मिश्रा ने कैंची धाम के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बाबा नीम करौली की इस पावन भूमि में एक अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने नैनीताल की वादियों की सुंदरता की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यहां की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और लोगों की आत्मीयता हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करती है। नैनीताल की खूबसूरत वादियों और आध्यात्मिक माहौल ने उन्हें भी मंत्रमुग्ध कर दिया। 

कैंची धाम पहुंचने के बाद गायक विशाल मिश्रा ने उत्तराखंड सरकार और पुलिस प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनपद नैनीताल के कैंची धाम तक पहुंचने में उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा या यातायात संबंधी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल निर्देशन में उत्तराखंड पुलिस श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा व सुरक्षा के लिए बेहतरीन कार्य कर रही है। 

उन्होंने यहां तैनात पुलिस कर्मियों के अनुशासित और सहयोगात्मक व्यवहार की भी प्रशंसा की। इस दौरान गायक विशाल मिश्रा ने वहां मौजूद पुलिस कर्मियों और श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाते हुए अपने लोकप्रिय गीत संदेशे आते हैं, हमें तड़पाते हैं…की कुछ पंक्तियां भी गाईं। उनके गीत सुनकर वहां मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

संबंधित समाचार