बदायूं : कार्यालय में काम कर रहे लेखपाल पर हमला, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

घटना के बाद लेखपाल ने एसएसपी से की शिकायत, एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुई रिपोर्ट

बदायूं, अमृत विचार। कुछ लोगों ने अपने कार्यालय में काम कर रहे लेखपाल से अभद्रता और हमला किया। लेखपाल ने एसएसपी से शिकायत की। सदर कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद समेत 10 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। 

शहर के मोहल्ला इंद्रा नगर निवासी नीरज कुमार सिंह सदर तहसील में लेखपाल हैं। उन्होंने एसएसपी को शिकायत पत्र देकर बताया कि 28 जनवरी को वह अपने कार्यालय में बैठकर सरकारी कार्य निपटा रहे थे। इसी दौरान गांव सिलहरी निवासी सर्वेश और गांव गुलड़िया निवासी राम कुमार पुत्र जमुना सिंह व उनका बेटा निशांत और 10 अज्ञात लोग उनके कार्यालय में घुस आए। लेखपाल ने उनसे आने का कारण पूछा तो वह लोग नियम विरुद्ध काम करने का दवाब बनाने लगे। लेखपाल के मना करने पर उन्होंने धमकाना शुरू कर दिया। गाली-गलौज करने लगे। लेखपाल कमरे से उठकर बाहर आने लगे तो उन लोगों ने लेखपाल को पकड़ लिया। सर्वेश ने लेखपाल पर ईंट से वार किया। रामकुमार व निशांत ने पास में पड़ा लोहे का पाइप उठाकर लेखपाल पर वार किया। शोर सुनकर कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी पहुंचे। मौके पर भीड़ जमा हो गई। खुद को फंसता देखकर हमलावर मौके से भाग गए। एसएसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ हथियार से हमला करने, घर में घुसकर नुकसान पहुंचाने, चोट पहुंचाने, लोक सेवक को चोट पहुंचाने, बल प्रयोग करने, जानबूझकर अपमानित करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें - बदायूं : शौक व खर्चे पूरे करने के लिए चार दोस्तों ने की थी लूट, दो गिरफ्तार

संबंधित समाचार