मुरादाबाद: सफाई कर्मी ने बहनोई के साथ मिलकर घर में की लूट
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में सफाई कर्मी ने बहनोई के साथ मिलकर अपने ही घर में लूटपाट कर ली। विरोध करने पर हथोड़ा मारकर पत्नी को भी घायल कर दिया। शोर-शराबा होने पर नकदी-जेवर समेत करीब छह लाख का माल लूटकर फरार हो गए। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस को पहले पत्नी व …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में सफाई कर्मी ने बहनोई के साथ मिलकर अपने ही घर में लूटपाट कर ली। विरोध करने पर हथोड़ा मारकर पत्नी को भी घायल कर दिया। शोर-शराबा होने पर नकदी-जेवर समेत करीब छह लाख का माल लूटकर फरार हो गए। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस को पहले पत्नी व बच्चों ने बदमाशों द्वारा लूटपाट करने की बात कही। हालांकि बाद में उसने हकीकत बयां कर दी। पत्नी की तहरीर पर सफाई कर्मी व उसके नंदोई के खिलाफ मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं एसएसपी ने भी घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लूट का यह मामला मझोला थाना क्षेत्र के ग्राम चौधरपुर मलकद्दा का है। गांव निवासी फिदा हुसैन पंचायत राज विभाग में सफाई कर्मी के पद पर तैनात हैं। मौजूदा समय में उसकी तैनाती ठाकुरद्वारा में हैं। उसकी पत्नी शाहिदा परवीन आंगनबाड़ी कार्यकत्री है। फिदा हुसैन अधिकतर ठाकुरद्वारा में ही रहता है। जिस कारण पत्नी शाहिदा परवीन अपनी दो बेटी मंतशा, साइनी व बेटे रूशान के साथ घर में रहती है। शाहिदा के अनुसार बुधवार की रात बच्चे मकान के ऊपरी कमरे में सो रह थे।
जबकि वह नीचे सो रही थी, आरोप है कि रात करीब एक बजे पति फिदा हुसैन अपने नंदोई कटघर थाना क्षेत्र के पंडित नगला निवासी नसीम व दो अन्य लोगों के साथ घर में आया। सभी नकाब लगाए हुए थे और आते ही परिजनों को बंधक बना लिया। हाथ-पैर बांधने के बाद घर में लूटपाट शुरू कर दी। आरोप है कि घर में रखे एक लाख रुपए नकद व पांच लाख के जेवर लूट लिए। इस बीच शाहिदा ने विरोध किया तो हथोड़ा व पेचकस मारकर उसका सिर फोड़ दिया। जिससे सभी दहशत में आ गए।
लूटपाट करने के बाद सभी धमकाते हुए फरार हो गए। शाहिदा के अनुसार उनके जाने के बाद पुलिस को सूचना दी तो फोर्स मौके पर आ गई। कुछ देर में एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने भी पहुंच गए। शुरुआती पूछताछ में शाहिदा बदमाशों द्वारा लूटपाट करने की बात कहती रही। जिला अस्पताल में भर्ती होने के दौरान भी शाहिदा हकीकत छुपाए रही। हालांकि गुरुवार की दोपहर शाहिदा ने पति व नंदोई पर लूटपाट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। जिसके आधार पर मझोला थाने में दो पति फिदा हुसैन व नंदोई नसीम समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पति करता रहा सेवा तो पत्नी छुपाती रही हकीकत
मुरादाबाद। लूट की घटना के बाद घंटों शाहिदा हकीकत को छुपाती रही। वहीं दिन निकलने पर फिदा हुसैन भी जिला अस्पताल पहुंच गया। वह पत्नी की सेवा करता रहा, इसके बाद भी किसी ने पुलिस को इसकी जानकरी नहीं दी। शाहिदा के अलावा उसके बच्चे व देवर भी बदमाशों द्वारा लूटपाट करने की बात करते रहे। हालांकि दोपहर को तहरीर देने के बाद पूरा मामला खुलकर सामने आया। पुलिस के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। घरेलू विवाद के संबंध में भी जानकारी की जा रही है।
